Mandoli Jail: हाई सिक्योरिटी बन रही मंडोली की जेल नंबर 15, कुख्यात बदमाशों को रखा जाएगा
गैंगस्टर और गंभीर मामलों में शामिल बदमाशों को रखने के लिए मंडोली जेल नंबर 15 को हाई सिक्योरिटी जेल बनाया जा रहा है। जिसमें डेढ़ सौ कैदियों को रखने की सुविधा होगी। इस जेल की सुरक्षा चाक चौबंद होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के शामिल होने का खुलासा होने के बाद जेल प्रशासन ने गैंगस्टरों पर नकेल कसने की तैयारी कर रही है। जेल प्रशासन गैंगस्टरों के लिए अलग जेल तैयार करने की कवायद शुरु कर दी है। मंडोली जेल नंबर 15 को हाई सिक्योरिटी जेल बनाया जा रहा है। इस जेल में गैंगस्टर के अलावा संगीन अपराध में शामिल बदमाशों को रखा जाएगा। जेल में डेढ़ सौ कैदियों की रहने की व्यवस्था है।
जेल अधिकारियों ने बताया कि इस जेल की सुरक्षा चाक चौबंद होगी। जेल परिसर में पहले से ही दो जैमर लगे हुए हैं। इसके अलावा जेल नंबर 15 में अतिरिक्त जैमर लगाया जा रहा है। ताकि जेल में रहने वाले गैंगस्टर मोबाइल फोन का इस्तेमाल न कर सकें। इसके साथ ही इस जेल के सभी सेल के आस पास सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जेल में फेस रिकग्निशन कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि जेल में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को लेकर भी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। मंडोली जेल की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पास हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीआरपीएफ के जवान को ही जेल नंबर 15 की सुरक्षा की जिम्मेदारी होगी। बैरक के आसपास रहने वाले सुरक्षाकर्मियों को बॉडी वॉर्न कैमरा से लैस किया जाएगा। ताकि गैंगस्टरों की हरकत पर नजर रखी जा सके।
अब तक छह जेलों के हाई सिक्योरिटी वार्ड में रहते थे गैंगस्टर
तिहाड़ जेल परिसर के छह जेलों में हाई सिक्योरिटी वार्ड है। संगीन और गंभीर मामलों में शामिल बदमाश ऐसे वार्ड में रखे जाते थे। ऐसे बदमाश जिनपर निगरानी रखने की आवश्यकता होती है, उन्हें हाई सिक्योरिटी वार्ड में रखा जाता था। जेल सूत्रों का कहना है कि सिक्योरिटी वार्ड में रखे जाने के बाद भी गैंगस्टर वारदात की साजिश रचने में सफल हो जाते थे। इसको देखते हुए हाई सिक्योरिटी जेल तैयार करने का फैसला किया गया। अब ऐसे गैंगस्टरों को मंडोली के जेल नंबर 15 के हाई सिक्योरिटी जेल में भेज दिया जाएगा।