मंडी हाउस इंटरचेंजः लाखों यात्रियों को राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा, गाजियाबाद , गुड़गांव और फरीदाबाद से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए नया रूट खुल गया। अब यात्रियों को राजीव चौक जाकर इंटरचेंज के लिए धक्के नहीं खाने होंगे। इसके साथ ही लगभग 25 मिनट का समय भी बचेगा। यात्रियों को सुविधा के साथ-साथ जनपथ और मंडी हाउस की ऐतिहासिकता से रूबरू होने का मौका भी मिलेगा।
पहले ही दिन राजीव चौक इंटरचेंज से लगभग 25 फीसदी यात्री कम हो गए हैं। ब्लू लाइन के यात्री गुड़गांव या फरीदाबाद की ओर जाने या आने वाले सीधे मंडी हाउस व केंद्रीय सचिवालय से वायलेट लाइन को पकड़ रहे हैं। वहीं, पहला दिन केंद्रीय सचिवालय से मंडी हाउस के बीच हाउसफुल का रहा। सभी ट्रेन औसत से अधिक यात्रियों को लेकर आ-जा रही थीं।
नोएडा-वैशाली की ओर से आने वाले यात्रियों को अब राजीव चौक की बजाय मंडी हाउस इंटरचेंज से वायलेट लाइन बदलकर बदरपुर या फिर केंद्रीय सचिवालय से येलो लाइन से गुड़गांव जाने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। मेट्रो प्रबंधन को उम्मीद है कि यात्रियों का प्रतिदिन आंकड़ा आने वाले दिनों में एक लाख क्रॉस कर जाएगा।
सबसे अधिक फायदा फरीदाबादवासियों को
डीएमआरसी ने मंडी हाउस में इंटरचेंज मेट्रो सेवा शुरू करके फरीदाबाद सहित गाजियाबाद, नोएडा और द्वारका तक आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत दे दी है। इसका सीधा लाभ जल्द ही लोगों को मिलने लगेगा।
फरीदाबाद में आने जाने वाले लोगों को अब बदरपुर से इन जगहों पर जाने-आने के लिए राजीव चौक के चक्कर नहीं काटने होगे, बल्कि बदरपुर से सीधे ही मंडी हाउस उतरकर लोग द्वारका, गाजियाबाद और नोएडा की ओर आसानी से चले जाएंगे। ऐसे में समय के साथ-साथ धन की बचत होगी।
बदरपुर लाइन पर महज 3.2 किलोमीटर पर यह इंटरचेंज डीएमआरसी की ओर से तैयार किया गया है, जिससे राजीव चौक व केंद्रीय सचिवालय तक का लोगों का लोड कम होगा।
24 ट्रेनें 3.25 मिनट की फ्रीक्वेंसी पर होगी उपलब्ध
बदरपुर से मंडी हाउस के बीच चार कोच वाली 24 ट्रेन चलेंगी, जोकि 3.25 मिनट की फ्रीक्वेंसी पर उपलब्ध होंगी। हालांकि आने वाले दिनों में यात्रियों के आंकड़ों के आधार पर छह कोच की ट्रेन को उतारा जाएगा। थर्ड फेज के आगाज पर पहली ट्रेन में यात्रा करने के लिए सैकड़ों की संख्या में यात्री लाइन लगाकर मंडी हाउस में प्लेटफॉर्म नंबर एक तो केंद्रीय सचिवालय के प्लेटफार्म नंबर दो पर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
यही नहीं, यह इंटरचेंज महिलाओं के लिए बेहद खास बन गया। दरअसल मंडी हाउस इंटरचेंज से केंद्रीय सचिवालय के बीच लगभग तीन किलोमीटर लंबे ट्रैक पर एम वेंकैया नायडू ने जिस पहली ट्रेन को बदरपुर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, उसकी कमान महिला ड्राइवर विदुषी माहुर के हाथ थी। हालांकि पहली ट्रेन खाली गई, जोकि बदरपुर मेट्रो स्टेशन तक खाली ही रही। उसके बाद दूसरी ट्रेन में शहरी विकास मंत्री डीएमआरसी के एमडी मंगू सिंह के साथ बैठे, उसे हरीश चला रहे थे। इसी ट्रेन में अधिकारी समेत मीडिया मौजूद रहा।