दिल्ली में बुझ गया बिहार का 'दीपक': तीसरी मंजिल से गिरकर हुई मौत, नहीं थे शरीर पर कपड़े; हादसा-नशा या हत्या
रविवार सुबह करीब 5:20 बजे एक राहगीर ने गली में दीपक को खून से लथपथ और बिना कपड़ों के पड़े देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रविवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के समय युवक के शरीर पर कपड़े नहीं थे और वह खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा मिला, जिससे इस घटना में किसी गहरी साजिश या हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
कौन था मृतक?
मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दीपक मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले का रहने वाला था। वह पिछले तीन साल से गांधी नगर स्थित एक सिलाई फैक्ट्री में काम कर अपना गुजारा कर रहा था और इलाके की नामदेव गली में रहता था।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:20 बजे एक राहगीर ने गली में दीपक को खून से लथपथ और बिना कपड़ों के पड़े देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सुराग जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक (FSL) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और बिहार में रहने वाले उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के दिल्ली पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
दीपक खुद तीसरी मंजिल से गिरा, या उसे किसी ने जानबूझकर धक्का दिया? क्या घटना के वक्त दीपक शराब या किसी अन्य नशे की हालत में था, जिसकी वजह से वह नियंत्रण खो बैठा?
खंगाल रही सीसीटीवी
गांधी नगर थाना पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा, दीपक के साथ काम करने वाले और उसके साथ रहने वाले अन्य साथियों से भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तथ्यों की पड़ताल के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।