आरोपियों से जान बचाने को हाईटेंशन खंभे पर चढ़ा युवक, गिरने से मौके पर ही मौत
नंद नगरी डिपो के पास हुई वारदात, तीन चार युवक पीड़ित को बुरी तरह पीट रहे थे
जान बचाने को हाईटेंशन खंभे पर चढ़ा युवक नीचे गिरा, मौत
- नंद नगरी डिपो के पास हुई वारदात, तीन चार युवक पीड़ित को बुरी तरह पीट रहे थे
-आरोपियों से जान बचाने को पीड़ित युवक चढ़ गया हाईटेंशन खंभे के ऊपर, वहीं नीचे गिरा, मौके पर मौत
-परिजनों का आरोप वीडियो बनाने और शोर-शराबा करने में लगे रहे लोग, किसी ने नहीं बचाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नंद नगरी इलाके में तीन-चार युवकों की पिटाई से जान बचाने के लिए एक युवक हाईटेंशन वायर के खंभे पर चढ़ गया। तमाशबीन लोग बजाए उसकी जान बचाने के वीडियो बनाने लगे। इस बीच घायल युवक करीब 70 फुट ऊंचे खंभे से नीचे गिर गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त योगेश कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद योगेश का शव परिवार को सौंप दिया है। परिजनों ने योगेश के साथ मारपीट करने वाले आरोपी युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। नंद नगरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही रही है।
पुलिस के मुताबिक योगेश कुमार अपने परिवार के साथ गली नंबर-12, मंडोली विस्तार में रहता था। इसके परिवार में मां शांति देवी, पत्नी रजनी, दो बेटियां दिपांशी और नीशू है। एलपीजी चूल्हे बनाने का काम करता था। बुधवार सुबह को वह काम पर चला गया था।
खून से लथपथ जान बचाने के लिए खंभे पर चढ़ा
इसके बाद सुबह करीब 11.45 नंद नगरी में तीन-चार युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसका सिर फोड़ दिया। खून से लथपथ योगेश जान बचाकर भागता हुआ नंद नगरी डिपो के बराबर में लगे हाईटेंशन खंभे पर चढ़ गया। लोगों को देखकर आरोपी भी वहां से भाग गए। इस बीच योगेश खंभे से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।
जेब में पहचान का कोई कागज न होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो गई। परिजन उसकी तलाश करते रहे। बृहस्पतिवार सुबह थाने पहुंचने पर परिवार को इसी हूलिये के युवक की खंभे से गिरकर मौत का पता चला। अस्पताल पहुंचने पर परिवार ने मृतक की शिनाख्त योगेश के रूप में की।
योगेश के भाई मूलचंद ने आरोप लगाया कि आरोपी योगेश को मारते रहे, भीड़ तमाशबीन रही। यहां तक वह जान बचाने के लिए खंभे पर चढ़ता चला गया। लोग उसकी जान बचाने के बजाए, वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। लोग अगर पहल करते तो शायद उसके भाई के साथ हादसा नहीं होता। अब मूलचंद दोषियों की तलाश करवाकर उन्हें सजा दिलवाना चाहता है।