दिल्ली: थाने से चंद कदमों की दूरी पर युवक की हत्या, छह आरोपियों ने चाकू से किए 18 से ज्यादा वार
बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में मंगलवार रात छह से ज्यादा युवकों ने थाने से चंद कदमों की दूरी पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने तीन-चार माह पहले हुए झगड़े का बदला लेने के लिए डंडे से वार करने के अलावा चाकू के 18 से 20 वार किए।
जख्मी हालत में युवक को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त पीयूष उर्फ चीकू (18) के रूप में हुई है। मंगोलपुरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो नाबालिग समेत अश्विनी (22) और बमबम (19) को दबोच लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीयूष की हत्या के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर रात में थाने का घेराव किया। आरोप है कि थाने से महज 10-12 कदमों की दूरी पर वारदात हुई, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी ने पीयूष को बचाने का प्रयास नहीं किया। वहीं पुलिस परिजनों के आरोपों से इनकार कर रही है। परिजनों ने पीयूष के नाबालिग होने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार पीयूष उर्फ चीकू परिवार के साथ आई-ब्लॉक, मंगोलपुरी में रहता था। उसके परिवार में पिता राकेश, मां, एक भाई व चाचा भोला हैं। राकेश का फाइनेंस का कारोबार है। मंगलवार रात को पीयूष अपने दोस्त सौरभ उर्फ बाबू के साथ थाने के पास मौजूद बापू पार्क में था।
इस बीच अश्वनी, बमबम, दो नाबालिग समेत करीब सात-आठ लड़के उसे ढूंढते हुए वहां पहुंचे। आरोपियों ने आते ही सौरभ और पीयूष को पकड़ लिया। आरोपियों ने पहले पीयूष को डंडों से मारा। बाद में सभी लड़के उसे घसीटकर थाने के पास ले आए। वहां सड़क पर लिटाकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसकी गर्दन, पेट और टांगों पर 18 से 20 वार चाकू से वार किया।
शोर-शराबा हुआ तो आरोपी मौके से फरार हो गए। काफी देर पीयूष सड़क पर खून से लथपथ पड़ा हुआ तड़पता रहा। राहगीरों ने भी उसकी कोई मदद नहीं की। करीब 15 मिनट बाद एक ई-रिक्शा में डालकर पीयूष को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। थाने के पास हुई वारदात की जानकारी मिलते ही पीयूष के परिजन थाने के बाहर इकट्ठा होकर नारेबाजी करने लगे।
उनका कहना था कि पुलिस थाने के पास ही वारदात हुई और किसी भी पुलिसकर्मी ने पीयूष की मदद करने की कोशिश नहीं की। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। परिजनों ने बुधवार को दिन में भी थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं मामले पर जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि वारदात बापू पार्क में हुई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो नाबालिग समेत चार आरोपियों को दबोच लिया। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुराने झगड़े की वजह से वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की असली वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।