कश्मीर में अशांति का असर: वैष्णो देवी यात्रा पर जाने से डर रहे श्रद्घालु, 70% टूर पैकेज रद्द
सेना के एनकाउंटर में आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा और आतंकी हमलों से फैली अशांति ने कश्मीर के पर्यटन को अरबों रुपये का नुकसान झेलने को मजबूर कर दिया है।
स्थिति यह है कि दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर के अधिकांश पर्यटकों ने इस सीजन में कश्मीर जाने से तौबा कर ली है। टूर एंड ट्रैवल ऑपरेटरों की ओर से कश्मीर की बुकिंग बंद कर दी गई है।
हजारों की संख्या में फ्लाइट की बुकिंग कैंसल हो गई हैं। जिनकी बुकिंग अभी भी है, वह कैंसल कराने की सोच रहे हैं। सेक्टर-23 स्थित रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश अग्रवाल ने तीन माह पहले कश्मीर जाने के लिए सस्ती
दर पर फ्लाइट की बुकिंग कराई थी।
उनके कश्मीर जाने की तारीख एक-दो दिन बाद है, लेकिन अब वह वहां नहीं जाने की सोच रहे हैं। इससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान होगा पर उनकी नजर में परिवार की सुरक्षा सबसे पहले है।
मेक माई ट्रिप के अधिकारी गौरव ने बताया कि फिलहाल कश्मीर की बुकिंग अक्तूबर तक बंद कर दी गई है। दो माह से कभी हालात ठीक होते हैं तो कभी खराब। हालांकि, इसके बाद भी जो जाना चाहता है उसे रोक नहीं रहे हैं।
वैष्णो देवी यात्रा पर भी जाने से डर रहे कई श्रद्धालु
कुछ ऐसा ही यात्रा डॉट कॉम के शादाब ने बताया। उनका कहना है कि दो-तीन माह से कश्मीर की बुकिंग नहीं हो रही है। अक्तूबर तक बुकिंग बंद की गई है। कश्मीर के वेंडरों की ओर से वहां के हालात को देखते हुए बुकिंग नहीं करने की सलाह दी गई है।
हर माह जाते थे तीन से चार लाख लोग
इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर का कहना है कि इस बार का कश्मीर का पूरा सीजन घाटे का रहा। 70 फीसदी पैकेज कैंसल हो गए।जून से अक्तूबर तक प्रत्येक माह करीब तीन से चार लाख लोग वहां जाते हैं, जिन्होंने इस बार जाने से परहेज किया, जो कि दस से बीस हजार रुपये प्रति व्यक्ति पैकेज पर खर्च करते हैं।
जुलाई में ही भारी हिंसा, पत्थरबाजी, आगजनी और अशांति होने से शुरुआती बुकिंग में भी भारी गिरावट आई।
वैष्णो देवी यात्रा पर भी जाने से डर रहे कई श्रद्धालु
इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर का कहना है कि कश्मीर में हो रही हिंसा के बीच देश के अलग-अलग कोने के कई पर्यटक वैष्णो देवी की यात्रा पर भी जाने से डर रहे हैं। जबकि वहां जाने में कोई परेशानी नहीं है, लेकिन कश्मीर में बार-बार अशांति ने पर्यटकों को डरा दिया है।