'दिल्ली की लड़की' प्रियंका की मोदी को चुनौती, नोटबंदी-जीएसटी पर लड़कर दिखाएं चुनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में लोकसभा चुनाव 12 मई को होने हैं ऐसे में कांग्रेस यहां भी अपना सबकुछ झोंककर यहां जीत के लिए जुटी हुई है। इसी के मद्देनजर आज प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर पूर्वी दिल्ली में रोड शो कर रही हैं। यहां वह शीला दीक्षित के लिए वोट मांग रही हैं।
प्रियंका ने पीएम मोदी को पर तंज कसते हुए कहा कि, इन लोगों की हालत उन बच्चों की तरह हो गई है जो अपना होमवर्क नहीं करते और स्कूल चले जाते हैं। जब टीचर उनसे पूछती हैं तो कहते हैं, 'क्या करूं, नेहरू जी ने मेरा पर्चा ले लिया, छुपा दिया। मैं क्या करूं इंदिरा जी ने कागज की कश्ती बना दी मेरे होमवर्क की और किस पानी में डूबो दी।'
गौरतलब है कि प्रियंका और शीला दीक्षित के साथ ही एक बच्चा भी उस वाहन में मौजूद है, जिससे रोड शो किया जा रहा है। प्रियंका के इस रोड शो में भारी जन सैलाब उमड़ा है। लोग अपने घरों से निकलकर प्रियंका को देखने आ रहे हैं। घरों की छतों व बालकनियों से प्रियंका पर फूल भी बरसाए जा रहे हैं।
प्रियंका का यह रोड शो दिल्ली के सीलमपुर से शुरू हुआ है जो यमुना विहार पर खत्म होगा। इस दौरान देखा गया कि प्रियंका से एक बच्ची मिलना चाहती थी तो उसे वाहन पर चढ़ा लिया गया और प्रियंका ने उस बच्ची को अपनी गोद में बिठा लिया।
Delhi: Priyanka Gandhi Vadra and Congress North East Delhi candidate Sheila Dikshit hold a roadshow in Brahmpuri pic.twitter.com/O3pn2q1wci
— ANI (@ANI) May 8, 2019
इस रैली में प्रियंका गांधी जिंदाबाद, गली-गली में शोर है चौकीदार चोर है और बटन दबेगा हाथ पे जैसे नारे लग रहे हैं। बीच-बीच में ढोल नगाड़ों की आवाज भी सुनी जा सकती है। पूरी रैली के दौरान प्रियंका हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन कर रही हैं।
प्रियंका गांधी वाड्रा, दिल्ली में शीला दीक्षित का प्रचार करते हुए एक बार फिर मोदी पर जमकर बरसी हैं। उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो मोदी नोटबंदी और जीएसटी के मुद्दे पर चुनाव लड़ें। मोदी धर्म और जाति की राजनीति कर रहे हैं। मैं दिल्ली में पैदा हुई हूं, गली-गली पहचानती हूं। दिल्ली की लड़की चुनौती दे रही है। मोदी रेसकोर्स रोड में बंद रहते हैं। वो चाहते हैं देश का लोकतंत्र नष्ट हो जाए।
प्रियंका ने कहा एक दिल्ली की लड़की आपको खुली चुनौती दे रही है। चुनाव के आखिरी दो चरण नोटबंदी पर लड़िए, जीएसटी पर लड़िए, महिलाओं की सुरक्षा पर लड़िए और उन वादों पर लड़िए जो आपने पूरे देश के नौजवानों से झूठे वादे किए, धोखा दिया उन पर लड़िए।