सिख बहुल इलाकों में चली मोदी सुनामी, कांग्रेस से करीब ढाई लाख ज्यादा वोट भाजपा ने किए हासिल
दिल्ली में जहां मुस्लिम बहुल विधानसभा सीटों में कांग्रेस का दबदबा रहा, तो सिख बहुल इलाकों में भाजपा की एकतरफा जीत हुई है। इन इलाकों में मोदी सुनामी इतनी जबरदस्त रही कि भाजपा को कांग्रेस से करीब ढाई लाख ज्यादा वोट मिले। यहां भी आप पार्टी सबसे पीछे रही। दिल्ली में 9 सिख बहुल विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से आठ विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी का कब्जा है। बावजूद इसके इन इलाकों में भाजपा को 4.94 लाख, कांग्रेस को 2.29 लाख और आप पार्टी को महज 1.67 लाख वोट से ही संतोष करना पड़ा।
राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो कांग्रेस से ज्यादा सिख बहुल इलाकों में आम आदमी पार्टी के दूसरे नंबर पर होने की संभावना ज्यादा थी। इसके पीछे वजह थी 1984 सिख दंगा मामला। इसे लेकर भाजपा के अलावा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का कांग्रेस को जबरदस्त विरोध झेलना पड़ा था। इसके अलावा कांग्रेस का इन इलाकों में एक भी विधायक नहीं है, जबकि आप पार्टी के सबसे विधायक होने के कारण भी इन इलाकों में आप की पकड़ ज्यादा मजबूत बताई जा रही थी, लेकिन सिख बहुल इलाकों ने भाजपा को अपना जनादेश दिया।
दिल्ली की सभी 9 सिख बहुल विधानसभा सीटें :
| सीट | भाजपा | कांग्रेस | आप |
| राजौरी गार्डन | 56263 | 24618 | 23295 |
| हरी नगर | 59396 | 18469 | 24955 |
| तिलक नगर | 50375 | 18314 | 25499 |
| जनकपुरी | 71225 | 24509 | 21781 |
| मोती नगर | 59952 | 25737 | 18065 |
| राजेंद्र नगर | 37600 | 25719 | 10657 |
| ग्रेटर कैलाश | 62394 | 24310 | 18301 |
| जंगपुरा | 41532 | 24237 | 16894 |
| गांधी नगर | 55973 | 43434 | 7782 |
सभी सिख विधानसभा सीटों पर पार्टियों को मिले कुल वोट
पार्टी कुल वोट
भाजपा 4,94,710
कांग्रेस 2,29,347
आप 1,67,229
भाजपा और कांग्रेस में रहा अंतर : 2,65,363
दूसरे नंबर के लिए कांग्रेस और आप में रहा अंतर : 62,118 वोट
शकूरबस्ती में पडे़ सबसे ज्यादा वोट
दिल्ली के लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा वोट चांदनी चौक सीट की शकूरबस्ती विधानसभा क्षेत्र में पड़ा था। 12 मई को शकूरबस्ती में सर्वाधिक 68.70 फीसदी वोट पड़ा था। जिसका परिणाम भाजपा के पक्ष में तो आया। यहां आम आदमी पार्टी को इस विधानसभा क्षेत्र में दूसरा नंबर पर आने का मौका मिला। यहां भाजपा को 61409, कांग्रेस को 16699 और आप पार्टी को 17288 वोट पड़ा था। इसके अलावा दिल्ली में सबसे कम मतदान दिल्ली कैंट विधानसभा सीट पर हुआ। नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आने वाली इस विधानसभा पर भाजपा को 28390, कांग्रेस को 15603 और आप पार्टी को 6829 वोट मिले।