आज होगा 13 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला, फूल मंडी में सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होगा। इसकी शुरुआत नोएडा फेस दो स्थित फूल मंडी में सुबह आठ बजे मतगणना के साथ होगी। यहां सबसे पहले जेवर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना पूरी होने की संभावना है। वहीं, खुर्जा और सिकंद्राबाद विधानसभा की मतगणना बुलंदशहर में ही होगी।
जिला प्रशासन ने गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है। बुधवार को मतगणना को लेकर कर्मचारियों को रेंडमाइजेशन भी कर दिया गया। लोकसभा सीट पर कुल 13 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। 11 अप्रैल को 13.89 लाख मतदाताओं ने मतदान किया था। मतगणना को लेकर नोएडा, जेवर व दादरी विधानसभा में 14-14 टेबल लगाई गई हैं। नोएडा विधानसभा में 602 बूथ है। यहां पर 43 राउंड में मतगणना पूरी होगी। इसी तरह दादरी के 535 बूथों की मतगणना 39 और जेवर के 385 बूथों की मतगणना 28 राउंड में पूरी होगी। यानी सबसे पहले जेवर विधानसभा में प्रत्याशियों को मिले मतों की स्थिति स्पष्ट होगी। नोएडा का परिणाम सबसे आखिर में आने की उम्मीद है।
मतगणना के बाद होगा वीवीपैट से मिलान
भारत चुनाव आयोग के आदेश पर पांच बूथों की ईवीएम के मतों का मिलान वीवी पैट से किया जाएगा। इन पांच बूथों का चयन ईवीएम की मतगणना होने के बाद लॉटरी से किया जाएगा। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी एमएन उपाध्याय ने बताया कि प्रत्याशियों के एजेंट, प्रत्याशी, प्रेक्षक आदि की मौजूदगी में लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी में निकाले गए बूथों की ईवीएम और वीवी पैट के मतों का मिलान किया जाएगा।
बुलंदशहर में होगी खुर्जा व सिकंदराबाद की मतगणना
गौतबुद्ध लोकसभा सीट में कुल पांच विधानसभा नोएडा, जेवर, दादरी, सिकंद्रबाद व खुर्जा है। खुर्जा व सिकंद्राबाद बुलंदशहर जिले का हिस्सा है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्र की मतगणना बुलंदशहर में ही होगी। वहां से हर राउंड की मतगणना का परिणाम गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन को ऑनलाइन मिलेगा।
सुबह छह बजे पहुंचेंगे मतगणना कर्मी
मतगणना कर्मियों को सुबह छह बजे पहुंचना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कर्मियों को समय से पहुंचने की सख्त हिदायत दी है। उनके मोबाइल फोन गेट नंबर दो पर जमा करा लिए जाएंगे। एक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर, एक मतगणना सहायक और एक माइक्रो ऑब्र्जवर रहेंगे। वहीं एजेंटों को सुबह सात बजे उपस्थित होना होगा।
लाउडस्पीकर से दी जाएगी सूचना
फूल मंडी के बाहर मौजूद रहने वाले समर्थकों को लाउडस्पीकर के माध्यम से मतगणना की सूचना दी जाएगी। हर राउंड के बाद मतगणना के आंकड़े लोगों को बताए जाएंगे। मतगणना स्थल के बाहर स्थिति शांतिपूर्ण रहे, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
मतगणना स्थल पर होगी तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
विधानसभा वार मतदाता और मतदान के आंकड़े
विधानसभा मतदाता मतदान हुआ प्रतिशत
नोएडा 668095 349736 52.35
दादरी 536130 326243 60.85
जेवर 333537 216926 65.04
सिकंदराबाद 382466 252172 65.93
खुर्जा 377250 244200 64.73
जिले में कुल मतदाता- 2297478
11 अप्रैल को कुल मतदान हुआ- 1389277
नोएडा में बूथ- 602
दादरी में बूथ- 535
जेवर में बूथ- 385