बिसाहड़ा कांड : रवि की पोस्टमार्टम रिपोर्ट एलएनजेपी अस्पताल ने मजिस्ट्रेट को भेजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल ने इकलाख हत्याकांड के आरोपी रवि की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मजिस्ट्रेट को भेज दी है। सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रवि के शरीर पर चोट आदि के निशान की पुष्टि नहीं हुई है। रवि की मौत की वजह सेप्टीसीमिया बीमारी को बताया जा रहा है। हालांकि स्थानीय अधिकारियों ने अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने की पुष्टि नहीं की है।
रवि के परिजन लुक्सर जेल में पिटाई से मौत का आरोप लगाते रहे हैं। वहीं बिसाहड़ा के ग्रामीण जेलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग जोर-शोर से उठा रहे हैं। सोमवार को जेल में बंद 14 ग्रामीणों ने सरधना के विधायक संगीत सोम को जेलर एसके पांडे द्वारा रवि को पीटने की जानकारी दी। इधर, एलएनजेपी अस्पताल की ओर से सोमवार को रवि की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट को सौंपने व नोएडा सीजेएम को भेजने की जानकारी मिली।
सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक रवि के शरीर पर बाहर या अंदरूनी चोट के निशान नहीं मिले हैं। इंफेक्शन के कारण रवि के फेफड़ों में पस भर गया था और उसकी किडनी ने भी काम करना लगभग बंद कर दिया था। अब, सवाल यह उठता है कि रवि के फेफड़ों और किडनी में इंफेक्शन कैसे हो गया। अगर इसका कारण बीमारी है तो उसके उपचार में इतनी लापरवाही क्यों बरती गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मजिस्ट्रेट के आदेश के बिना रिपोर्ट देने से इनकार कर दिया
जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर अधीक्षक एमएल यादव ने बताया कि अभी तक हमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। इसे प्राप्त करने के लिए दिल्ली के संबंधित थाने से बात की गई, तो उन्होंने मजिस्ट्रेट के आदेश के बिना रिपोर्ट देने से इनकार कर दिया। कोर्ट का अवकाश होने के कारण मजिस्ट्रेट की अनुमति भी नहीं मिल पाई है।
डीआईजी जेल वीके शेखर ने कहा कि रवि की मौत की गहनता से जांच चल रही है। रिपोर्ट डीजीपी को भी भेजनी है, लेकिन अभी तक रवि के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। इसके चलते अभी जांच पूरी नहीं हुई है।