चैंबर निर्माण विवाद में वकीलों के बीच चले चाकू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चैंबर बनाने को लेकर विवाद में तीस हजारी अदालत में वकीलों के बीच चाकू चलने का मामला सामने आया है। झगड़े में बार सचिव व एक अन्य वकील चाकू लगने से घायल हो गए। मामले में एक पक्ष ने बार सचिव पर चैंबर के निर्माण के लिए घूस मांगने का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने बार सचिव व अन्य घायल वकील के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।
यह विवाद तीस हजारी अदालत के सीएल जोसेफ ब्लॉक में चैंबर संख्या सी-1841 की पहली मंजिल पर निर्माण को लेकर है। यह चैंबर अधिवक्ता राकेश चौहान का है। राकेश चौहान का आरोप है कि बार सचिव जयवीर सिंह चौहान ने चैंबर निर्माण की अनुमति के लिए 50 हजार रुपये की घूस मांगी। घूस न देने पर चैंबर निर्माण की शिकायत की।
जिला न्यायाधीश तलवंत सिंह, अतिरिक्त सिविल जज मनोज जैन व अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नागर 11 फरवरी को जांच करने गए और जिसके बाद यह निर्माण तोड़ दिया गया। दूसरी ओर से जयवीर सिंह चौहान का आरोप है कि राकेश चौहान ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उसके पर अपनी जूनियर के साथ जानलेवा हमला किया।
दिल्ली पुलिस ने जयवीर सिंह चौहान की शिकायत पर 12 फरवरी को रात राकेश चौहान, श्वेता चौहान व एक अन्य अज्ञात शख्स पर हत्या की कोशिश, अनाधिकृत प्रवेश व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि चैंबर तोड़े जाने से नाराज राकेश चौहान ने उस रात करीब 9 बजे गेट नंबर दो के नजदीक बने चैंबर संख्या के-66 में बैठे जयवीर सिंह चौहान पर रिवाल्वर व चाकू से हमला किया।
इस दौरान जयवीर सिंह चौहान के हाथ व उंगलियों में चोट आई। उस समय वहां पर अधिवक्ता निर्मला सिंह, अधिवक्ता वर्षा व अन्य लोग मौजूद थे। यह पूरा वाकिया वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुआ था। जयवीर सिंह चौहान को अब अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
जहां पुलिस ने एक ओर जयवीर सिंह चौहान की शिकायत पर 12 फरवरी को उसकी एफआईआर दर्ज कर ली लेकिन राकेश चौहान की शिकायत पर 13 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई। उसका आरोप है कि जयवीर सिंह चौहान ने खुद फोन कर उसे मिलने बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा तो वहां 8-9 लोग थे। चैंबर निर्माण के लिए उसने 50 हजार की घूस मांगी जिससे उसकी बहस हो गई। वहां मौजूद लोगों ने उससे से मारपीट की जिससे उसे सिर व अन्य अंगों में गंभीर चोट लगी हैं। उसे गंभीर हालत में बाड़ा हिंदू राव अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।