'राजनीतिक गंदगी में मैं जाना पसंद नहीं करता'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली चुनावों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब मीडिया भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन लड़ने वाले अन्ना हजारे के पास उनके कमेंट लेने पहुंची तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार करते हुए उनके मुंह पर दरवाजा बंद कर दिया।
अन्ना हजारे से पत्रकारों ने जब पूछा कि वह किरण बेदी के चुनाव लड़ने के बारे में क्या सोचते हैं और क्या वह चुनाव की अपडेट रख रहे हैं तो उन्होंने बस इतना ही कहा कि 'राजनीतिक गंदगी में मैं जाना पसंद नहीं करता'।
अरविंद केजरीवाल के पार्टी बनाने से और अब किरण बेदी के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद से अन्ना हजारे ने कोई भी टिप्पणी करना छोड़ दिया है। अन्ना से जब भी किरण बेदी के बारे में सवाल पूछा जाता है तो वह उसका जवाब देना ठीक नहीं समझते और बात ही बंद कर देते हैं।
किरण ने भरा पर्चा
किरण बेदी ने आज दिल्ली की कृष्णानगर विधानसभा सीट से पर्चा भर दिया। नामांकन के आखिरी दिन कई दिग्गजों ने नामांकन भरा। अपना नामांकन पर्चा दाखिल करने के बाद किरण बेदी मीडिया से मुखातिब हुईं तो बोलीं कि रिजल्ट फर्स्ट क्लास फर्स्ट होगा।
बेदी ने कहा कि बीजेपी चुनाव में गोल्ड मेडल लेकर आएगी। बेदी ने आगे कहा कि यह विधानसभा क्षेत्र डॉ. हर्षवर्धन की तपस्या का फल है। लोग हमें चुनाव में गोल्ड मेडल देने वाले हैं।
वहीं कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली ने भी बेदी के लालाजी की मूर्ति को मफलर पहनाने की बात की आलोचना की। लवली बोले कि बेदी को देश से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि यह पूरे देश का अपमान है।
इसपर बेदी का बचाव करते हुए डॉ. हर्षवर्धन बोले कि देशसेवा के काम में उतरने से पहले महान नेताओं का आशिर्वाद लेने में क्या बुराई है।
केजरीवाल ने भरा पर्चा, किरण बेदी भी पहुंची
आप संयोजक केजरीवाल जो मंगलवार को रोडशो की भीड़ में फंसे रह जाने के कारण अपना नामांकन नहीं भरने में असफल रहने के कारण आज अपना नामांकन भरा।
नामांकन भर कर बाहर निकले केजरीवाल से जब मीडिया ने उनका एजेंडा पूछा तो वो बोले कि वो मंहगाई और भ्रष्टाचार को बड़ी चुनौती मानते हैं। उन्होंने कहा कि वह इनके खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। केजरीवाल ने मीडिया से ये भी कहा कि आप सब किरण बेदी से सम्मोहित नजर आते हैं। अब जनता तय करेगी।
इसके साथ ही बीजेपी की सीएम उम्मीदवार किरण बेदी, नुपूर शर्मा, जगदीश मुखी, कांग्रेस के अजय माकन, किरण वालिया आदि भी नामांकन दाखिल करने जिला अधिकारी के दफ्तर पहुंचे।
किरण से जब मफलर विवाद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मफलर पहनाया जरूर था पर उसे तुरंत ही उतार भी लिया था। ऐसा करने के पीछे कारण था कि वह लालाजी का आशीर्वाद चाहती थीं।
'जो जनता के सवालों के जवाब नहीं दे सकती वो गवर्नेंस क्या देंगी?'
सदर बाजार से कांग्रेस प्रत्याशी और कांग्रेस के कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन भी आज अपना नामांकन भरने वाले हैं। नामांकन भरने से पहले अजय माकन ने रोडशो किया।
रोडशो के दौरान माकन ने शास्त्री नगर में लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने किरण बेदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो किरण बेदी जो डिबेट नहीं कर सकतीं और जनता के सवालों का जवाब नहीं दे सकतीं वह दिल्ली को क्या गवर्नेंस देंगी।
इसके साथ ही माकन ने केजरीवाल से सवालिया लहजे में कहा कि केजरीवाल जी अगर किरण बेदी तैयार नहीं हैं तो क्या हुआ मैं और आप ही डिबेट कर लेते हैं।
नुपूर के समर्थकों ने लगाए नारे
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नामांकन भरने का आज आखिरी दिन है। इसलिए सभी पार्टियों के नेता निर्वाचन कार्यालय के दफ्तर पहुंचे हैं।
इस वक्त निर्वाचन कार्यालय का नजारा बहुत ही रोचक हो गया है। इस वक्त वहां बीजेपी और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच में जमकर नारे बाजी हो रही है।
बताया जा रहा है कि केजरीवाल जब निर्वाचन दफ्तर पहुचे तो वहां बीजेपी की नई दिल्ली से उम्मीदवार नुपूर शर्मा भी मौजूद थीं। ऐसे में केजरीवाल को देखकर बीजेपी कार्यकर्ता मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे।
मुखी का दावा 60 सीटें जीतेगी भाजपा
किसी समय बीजेपी के सीएम उम्मीदवार माने जा रहे जगदीश मुखी भी आज ही जनकपुरी से अपना नामांकन भरेंगे। नामांकन भरने के लिए निकलने से पहले जगदीश मुखी ने अपने घर पर पत्नी और रिश्तेदारों संग पूजा भी की।
जगदीश मुखी को दिल्ली में भाजपा की जीत की पूरी उम्मीद है। वह पूरे दावे के साथ यह कहते हैं कि निश्चित ही दिल्ली की जनता बीजेपी को वोट करेगी। जनता का यह वोट विकास के लिए होगा।
उन्होंने जोर देकर यह भी कहा कि बीजेपी बड़े अंतर से जीतेगी और उसे चुनाव में 60 सीटें हासिल होंगी। बता दें कि जनकपुरी की जिस सीट से मुखी खड़े हैं, वहां उनके खिलाफ उनका ही दामाद कांग्रेस की तरफ से मैदान में है।
कांग्रेसी दिग्गज भी आज भरेंगे नामांकन
दिल्ली विधानसभा चुनाव का पर्चा भरने की आज अंतिम तारीख है ऐसे में कई कांग्रेसी दिग्गज भी आज नामांकन भरने वाले हैं। कांग्रेस के चुनावी कैंपेन के अध्यक्ष अजय माकन व राष्ट्रपति की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी भी आज ही अपना पर्चा भरेंगे।
शर्मिष्ठा ने बीजेपी पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि हर लहर अपने उफान पर आकर कम होने लगती है और यही हाल बीजेपी का है। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि यह हैरान करने वाली बात है कि कोई व्यक्ति जिसने कुछ दिन पहले ही बीजेपी ज्वाइन किया हो उसे सीएम पद का दावेदार बना दिया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि इससे पता चलता है कि दिल्ली बीजेपी में नेतृत्व का कितना अभाव है। वहीं अजय माकन ने अपने नामांकन को लेकर कहा कि वह आज ही पर्चा भरेंगे लेकिन उससे पहले वह रोड शो करेंगे।
'मेरे लिए नया नहीं है लोगों का प्यार'
बता दें कि जिस कृष्णानगर सीट से बीजेपी की सीएम उम्मीदवार किरण बेदी खड़ी हुई हैं वहां से केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन 5 बार विधायक रह चुके हैं।
आज उमड़ी भीड़ पर हर्षवर्धन ने कहा कि लोगों का ये प्यार मेरे लिए नया नहीं है। ये तो मुझे 20 से भी ज्यादा सालों से मिल रहा है।
बता दें कि रोड शो शुरू करने से पहले जब किरण बेदी पैदल अपने क्षेत्र का दौरा कर रही थीं तब उन्होंने एक बारहवीं के लड़के को बिना हेलमेट के पकड़ा और उसे हेलमेट पहनने के लिए भी समझाया और उसके फायदे भी बताए।
पूछा लोगों का हालचाल
बीजेपी की सीएम पद की उम्मीदवार किरण बेदी आज अपने चुनावी क्षेत्र कृष्णानगर में पदयात्रा कर रही हैं। बेदी पैदल घूम-घूमकर लोगों से मिल रही हैं। बता दें कि आज किरण बेदी अपना पर्चा भी भरेंगी और उससे पहले आज सुबह से ही वह अपने क्षेत्र में जनसंपर्क में लगी हुई हैं।
इस दौरान बेदी हर वर्ग के लोगों से मिलीं। उन्होंने सबसे पहले एक चायवाले से मुलाकात की और उसका हाल-चाल पूछा। इसके बाद धीरे-धीरे वह सफाईकर्मी, पेपर बेचने वाले और ऐसे ही अन्य कई लोगों से मिलीं जो रास्ते में मिलते गए।
बेदी अब भी अपने चुनवी क्षेत्र में ही हैं। नामांकन भरने से पहले यह आज उनका पहला औपचारिक चुनाव प्रचार कह सकते हैं। उन्होंने अपने पदयात्रा की शुरूआत में कहा कि वह लोगों से जाकर मिलेंगी और उनसे उनकी समस्याएं पूछेंगी।
बीजेपी के मफलर पर मचा बवाल
कृष्णानगर में अपनी पदयात्रा के दौरान किरण बेदी ने लाला लाजपत राय की एक मूर्ति को साफ किया उस पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने अपने गले में पड़ी भाजपा की मफलर को भी मूर्ति को पहना दिया।
मफलर पहनाने की बात सामने आने पर इसपर विवाद खड़ा हो गया है। बेदी के इस काम की लोग कड़े स्वरों में निंदा कर रहे हैं। विरोधियों का कहना है कि इस तरह का काम अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले शहीदों का अपमान है।
शुरू हुई पदयात्रा, डॉ. हर्षवर्धन भी आए साथ
इस वक्त किरण बेदी केंद्रीय मंत्री और पूर्व कृष्णानगर विधायक डॉ. हर्षवर्धन के साथ रोड शो कर रही हैं। इनके साथ समर्थकों का समूह भी चल रहा है।
चूंकि नामांकन भरने का समय तय है, इसलिए बेदी व हर्षवर्धन समय का ध्यान रखते हुए और कहीं भी ज्यादा न रुकते हुए बढते जा रहे हैं। यह लोग बीच-बीच में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से बातचीत भी कर रहे हैं।
कहा जा रहा है कि कल का केजरीवाल का हाल देखकर बेदी बिल्कुल भी नहीं चाहती कि वह भीड़ में ही फंसी रह जाएं क्योंकि कृष्णानगर एरिया काफी संकरा भी है। इसलिए ये लोग रास्ता बनाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।