दिल्ली: विधानसभा अध्यक्ष की सजा पर केजरीवाल ने साधी चुप्पी, विपक्ष हमलावर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल को अदालत से सजा सुनाए जाने के बाद दिल्ली का सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले में चुप्पी साध ली है। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ऊपरी अदालत में अपील करने की बात कह रही है। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल का कहना है कि वह कानून की मर्यादा में रहकर ही काम करेंगे।
दूसरी तरफ भाजपा व कांग्रेस संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को सजा सुनाए जाने के मामले में आप व दिल्ली सरकार पर हमला बोला है। आरोप है किआप के मुखिया दागदार नेताओं को संरक्षण दे रहे है। अदालत का फैसला आने के बाद आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने दो टूक शब्दों में विधानसभा अध्यक्ष से इस्तीफा लेने की बात से इनकार किया।
बकौल गोपाल राय, कानून अपना काम कर रहा है। पार्टी हरसंभव कानूनी तरीके को आजमाएगी। निचली अदालत के फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती दी जाएगी। पार्टी इसे कोई बड़ा मामला नहीं मान रही है।
दूसरी तरफ पार्टी का कहना है कि पूरा मामला राजनीतिक मामला है। भाजपा से जुड़े एक व्यक्ति ने केस किया था। कानून में भी छह महीने की सजा होने पर संवैधानिक पद पर बैठे किसी व्यक्ति का इस्तीफा लेने का प्रावधान नहीं है। वह भी तब, जब जमानत भी मिल गई हो।
फैसले के खिलाफ सेशन कोर्ट में करेंगे अपील : गोयल
इस मामले में रामनिवास गोयल का कहना है कि उन्होंने हमेशा कानून का सम्मान किया है। इस सजा के खिलाफ मैं सेशन कोर्ट में सोमवार को अपील करूंगा। कोर्ट के फैसले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि वह कानून का हमेशा से पालन करते रहे हैं। दूसरी तरफ उनका कहना है कि इस्तीफा देना अभी दूर की बात है। फिर भी, इस मामले में पार्टी जो भी कहेगी, उसे स्वीकार करने की उन्होंने बात कही।
मनोज तिवारी का तंज, दिल्लीवाले देंगे चुनाव में आप को उनकी करनी की सजा
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल को छह महीने की सजा मिलने पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने तंज कसा है। तिवारी का आरोप है कि आप के दागदार नेताओं को मुख्यमंत्री व आप मुखिया अरविंद केजरीवाल का खुला संरक्षण है। अब आप नेताओं के आपराधिक चेहरे जनता के सामने आने लगे हैं। अभी तक पार्टी के दर्जनों विधायक व कई मंत्रियों पर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं।
मनोज तिवारी ने चेतावनी दी कि आने वाले विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ऐसे नेताओं को माफ नहीं करेगी। आप नेताओं को उनकी करनी की सजा चुनाव में मिल जाएगी।
कांगेस ने आप नेताओं पर उठाए सवाल
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया का कहना है कि भ्रष्टाचार से लड़ने का दावा कर वोट बटोरने वाली पार्टी की सच्चाई सामने आने लगी है। पांच साल सत्ता में रहने के बाद ही इसके नेता भ्रष्टाचार व अपराध में डूब गए हैं। इनके विधायकों के खिलाफ भ्रष्टाचार, यौन शोषण, फर्जी डिग्री, हिंसा समेत दूसरे सभी आपराधिक मामले सामने आते रहे हैं। आप व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जिस तरह से दिल्लीवालों को ठगा है, वह बेहद अफसोस जनक है। आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।