'मंत्रियों को करिए बर्खास्त और देश से मांगिए माफी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हैदराबाद के दलित छात्र की मौत के मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'लोकतंत्र की हत्या' करार दिया है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए।
केजरीवाल ने आज अपने ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट कर सीधे मोदी जी को दलित छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के लिए माफी मांगने को कहा है।
उन्होंने ट्वीट किया कि, 'मोदी सरकार संवैधानिक रूप से दलितों के उत्थान के लिए बाध्य है। इसके बजाय मोदी जी के मंत्री ने 5 दलित छात्रों को बहिष्कृत और सस्पेंड कर दिया।'
'यह आत्महत्या नहीं हत्या है'
एक अन्य ट्वीट में केजरीवाल बोले कि, 'यह आत्महत्या नहीं है। यह हत्या है। यह हत्या है लोकतंत्र की, सामाजिक न्याय की और समानता की। मोदी जी को अपने मंत्रियों को बर्खास्त कर देना चाहिए और राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए।'
बता दें कि रविवार की सुबह रोहित वेमुला को हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में मृत पाया गया था। वह पीएचडी का छात्र था।
इस घटना ने राजनीतिक मोड़ तब लिया जब केंद्रीय श्रम मंत्री बंदारू दत्तात्रेय पर यह आरोप लगा कि उन्होंने दलित छात्रों को निकालने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को पत्र लिखा था। उस पत्र में छात्रों के राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने की बात कही गई थी।
छात्र कर रहे हैं दिल्ली में प्रदर्शन
बता दें कि रोहित उन पांच रिसर्च स्कॉलरों में था जिन्हें हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पिछले साल अगस्त में सस्पेंड कर दिया गया था। इसके साथ ही वो छात्र नेता पर हमले के मामले में आरोपी भी था। इन पांचों छात्रों को हॉस्टल से बाहर भी रखा गया था।
मालूम हो कि आज सुबह ही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी हैदराबाद के लिए निकल चुके हैं और रोहित की मां से भी मिलेंगे। वहीं रोहित की आत्महत्या को लेकर सोमवार से ही छात्रों का दिल्ली स्थित एचआरडी मंत्रालय के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन जारी है।
यह प्रदर्शन आज और उग्र हो गया है और इसमें जेएनयू के छात्र भी कूद पड़े हैं। जानकारी के अनुसार आज जेएनयू कैंपस में ही छात्र स्मृति ईरानी और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।