{"_id":"65fe30c69a87a4af0f0de1b3","slug":"kejriwal-arrest-kejriwal-s-old-colleagues-including-congress-bjp-also-surrounded-the-cm-on-his-arrest-2024-03-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kejriwal Arrest : कांग्रेस-भाजपा समेत केजरीवाल के पुराने साथियों ने भी सीएम की गिरफ्तारी पर कही यह बात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kejriwal Arrest : कांग्रेस-भाजपा समेत केजरीवाल के पुराने साथियों ने भी सीएम की गिरफ्तारी पर कही यह बात
Sat, 23 Mar 2024 07:02 AM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: अनुज कुमार
Updated Sat, 23 Mar 2024 07:02 AM IST
सार
बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस नेता अजय माकन का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि केजरीवाल ने रिश्वत लेकर शराब घोटाला किया है। केजरीवाल के खिलाफ मिले सबूतों के आधार पर ईडी ने गिरफ्तारी भी कर ली। इस तरह से माकन की बात की पुष्टि भी हो गई।
विज्ञापन
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेता...
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कहा कि भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए आप व कांग्रेस ने गठबंधन किया है। इसमें एक आरोपी है तो दूसरी पार्टी वकील बनी हुई है। केजरीवाल को जब ईडी गिरफ्तार कर चुकी है तो आप के विधायक, निगम पार्षद और यहां तक कि उनके करीबी भी साथ नहीं दे रहे हैं। सड़कों पर हर घर से केजरीवाल निकलने की बात कहने वाली आतिशी को भी दिल्ली की सड़कें शांत दिखाई दे रही हैं।
विज्ञापन
केजरीवाल जिस दिन शराब नीति लाए उस दिन से ही दिल्ली भाजपा सड़कों पर थी और इस बात को कहती रही कि यह शराब नीति व्यक्तिगत फायदे के लिए लाई गई है। केजरीवाल शराब नीति को फायदेमंद बताते थे, लेकिन जैसे-जैसे जांच के बाद परतें खुलती गईं यह बात स्पष्ट हो गई कि यह भ्रष्टाचार का खेल है। जब भाजपा के विरोध के बाद जांच शुरू हुई और सिसोदिया को सीबीआई ने गिरफ्तार किया तो उस दिन केजरीवाल ने यूटर्न ले लिया, क्योंकि इतिहास रहा है कि ऐसा कोई सगा नहीं जिसे केजरीवाल ने ठगा नहीं।
विज्ञापन
वहीं, बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस नेता अजय माकन का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि केजरीवाल ने रिश्वत लेकर शराब घोटाला किया है। केजरीवाल के खिलाफ मिले सबूतों के आधार पर ईडी ने गिरफ्तारी भी कर ली। इस तरह से माकन की बात की पुष्टि भी हो गई। आतिशी व गोपाल राय कर रहे राजनीतिक विलाप सचदेवा ने कहा है की दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय व आतिशी राजनीतिक विलाप कर रहे है। उनका यह कहना कि भाजपा ने केजरीवाल को गिरफ्तार कर लोकतंत्र की हत्या की है, महज एक राजनीतिक ड्रामा है। निस्संदेह लोकतंत्र में जनता सरकार चुनती है, सरकार को हटाती है, लेकिन जनता जिस सरकार को चुनती है, उसे भ्रष्टाचार की छूट नही देती है। सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती है न कि जनता को लूटने के लिए होती है। आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन की घोषणा महज एक शोर बनकर रह गया।
विज्ञापन
जेल से गिरोह चलता है, सरकार नहीं : मनोज तिवारी
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की हर गली में पटाखे छूटे और मिठाइयां बांटी गईं। सभी एक-दूसरे के गले लगकर बधाइयां दे रहे हैं, क्योंकि दिल्ली को दिलासा देकर लूटने व झूठ में फंसाकर दिल्ली को 10 साल पीछे करने वाले केजरीवाल आज सही मायने में अपनी जगह सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं। भाजपा पर बार-बार इस मामले में सवाल उठाना बिल्कुल निराधार है, क्योंकि बेल व सजा देना कोर्ट का काम है, भाजपा का नहीं। भाजपा हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ी थी, खड़ी है और खड़ी रहेगी चाहे भ्रष्टाचारी कितने भी बड़े पद पर ही क्यों न हो। जेल के अंदर से गैंग चलते देखा गया है, सरकार नहीं। वे सभी बस मार्शल, गेस्ट टीचर्स आज खुश बेहद खुश है जिन्हें केजरीवाल ने नौकरी से निकाल दिया है। आज जितनी खुशी केजरीवाल के जेल जाने की असली कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हुई है, उतनी खुशी तो दिल्ली वालों को भी नहीं हुई होगी। आखिर कांग्रेस को चोर कहकर सत्ता में आए केजरीवाल आज खुद जेल पहुंच गए।
शीघ्र न्याय होगा और सजा भी होगी : बांसुरी स्वराज
भाजपा नेता बांसुरी स्वराज ने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले केजरीवाल पर जब जांच बैठी तो उन्होंने सिर्फ जांच से भागने के अलावा कुछ नहीं किया। नवंबर से ही जांच एजेंसियों ने आरोप लगाया कि 100 करोड़ रुपये का किक बैक पार्टी द्वारा अपनी राजनीतिक एक्टिविटी में इस्तेमाल किया गया और पार्टी के मुखिया होने के नाते केजरीवाल से बिना पूछे इन पैसों का इस्तेमाल नहीं किया गया होगा। इसलिए इस पूरे मामले में प्रमुख आरोपी केजरीवाल हैं। दो साल से केजरीवाल कानून के साथ आंख मिचौली कर रहे हैं, मामले को लंबा खींचने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें समझना होगा कि कानून उन तक पहुंच चुका है और शीघ्र न्याय होगा व सजा भी होगी। कोर्ट में जब जज ने केजरीवाल के वकील से समन पर जांच एजेंसियों के सामने पेश होने की बात पूछी तो वकील ने मना कर दिया। इसके बाद उन्हें कस्टडी में भेजा गया, ताकि आगे की पूछताछ हो सके।
केजरीवाल ने गुरु अन्ना और विपक्ष की सलाह नहीं मानी : बिधूड़ी
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली में शराब नीति लागू करते समय किसी की भी नहीं मानी। यहां तक कि अपने गुरु अन्ना हजारे की भी नहीं सुनी। विधानसभा में भाजपा की सलाह पर भी अमल नहीं किया। यही वजह है कि अब उन्हें ये दिन देखने पड़ रहे हैं। वास्तव में उन्होंने दिल्ली में शराब नीति लागू करते समय किसी की सलाह की परवाह नहीं की। अन्ना हजारे ने उन्हें उस समय भी स्वराज की याद दिलाते हुए कहा था कि पुस्तक में उन्होंने बड़ी-बड़ी बातें कही हैं, लेकिन दिल्ली की सत्ता संभालने के बाद उन सब बातों को भूल गए। इसके बावजूद केजरीवाल ने बातों पर गौर नहीं किया। शराब के भ्रष्टाचार का ऐसा चस्का लगा कि वह सारे वादे भूल गए।
शराब नीति सही तो सीबीआई से क्यों डर रहे केजरीवाल
केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ उनके साथ खड़ी है मगर सोशल मीडिया पर उसके नेताओं के पुराने बयान वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्होंने केजरीवाल और उनकी नीति की आलोचना की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पुराने बयानों में जहां कांग्रेस नेता रागिनी नायक केजरीवाल सरकार से साफ तौर पर पूछ रही हैं कि अगर आपकी नीति सही है तो आपने उसे वापस क्यों लिया और यदि आपकी नीति सही है तो आप सीबीआई से क्यों घबरा रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि संगरूर में चुनाव के चलते आपने स्वास्थ्य मंत्री पर आरोप लगते ही उनकी गिरफ्तारी कराई, जबकि दिल्ली में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की, मुख्य सचिव की रिपोर्ट में 144 करोड़ के घोटाले की बात सामने आई मगर आपने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बजाय भारत रत्न देने की बात कर रहे हैं जो शर्मनाक है।
वहीं, सुप्रिया श्रीनेता, अलका लांबा, अजय माकन के भी प्रेस कॉन्फ्रेस और बयान में केजरीवाल सरकार की नीति की खुलकर आलोचना की गई है। वहीं, पंजाब में दिल्ली के तर्ज पर शराब घोटाले का दावा करते हुए कांग्रेस नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि भगवंत मान सरकार को अपने 300 भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे भेजने वाले पोस्टर में संख्या बढ़ाकर 301 करना चाहिए क्योंकि अब केजरीवाल गिरफ्तार हो चुके हैं। ब्यूरो
दुनियाभर के लोगों में आक्रोश : आप
मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दावा किया कि मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को लेकर पूरी दुनिया के लोगों में गुस्सा है। दुनिया यह देख रही है कि कैसे भाजपा की केंद्र सरकार मानवता के सामान्य मूल्यों का भी लिहाज नहीं कर रही है।
परिवार के लोगों को किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जबकि आबकारी घोटाले में हैदराबाद के अरबिंदो फार्मा के डायरेक्टर पी शरद रेड्डी को ईडी ने आरोपी बनाया है और शरद ने चुनावी बांड के जरिये भाजपा को 30 करोड़ रुपये का चंदा दिया है। केजरीवाल पर झूठे आरोप हैं और गैरकानूनी पैसा भाजपा को मिला है। शराब घोटाले में लगभग 100 करोड़ रुपये की राशि का लेनदेन होने की बात की जा रही है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी ईडी इस संबंध में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाई। भाजपा का भ्रष्टाचार तो पूरे देश के सामने उजागर हो गया है।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से चुनावी बांड की जानकारी देने के आदेश जारी करने के बाद सामने आई सूची में भाजपा में चंदा देने वालों में बेहद ही चौंकाने वाला सबूत सामने निकलकर आया है। इन लोगों में शरद रेड्डी का नाम शामिल है। ईडी ने उसे 11 नवंबर 2022 को आबकारी के तथाकथित मामले में गिरफ्तार किया था और जून 2023 में सरकारी गवाह बना दिया। इसके बाद नवंबर 2023 में शरद ने 30 करोड़ के चुनावी बांड खरीदे जो भाजपा को चंदे के रूप में दिए गए। इससे साबित होता है कि गैरकानूनी पैसा भाजपा के पास जा रहा है।
देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात : आप
पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव व सांसद डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालाते हैं। भाजपा सभी विपक्षी दलों को खत्म करना चाहती है। वह विपक्ष के नेताओं को जेल में डाल रही है या फिर डरा-धमकाकर पार्टी में शामिल करा रही है। जो भाजपा में चले जाते हैं उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। जो विरोध करता है उसे गिरफ्तार किया जा रहा है। केजरीवाल को फर्जी तरीके से गिरफ्तार किया गया। हमें न्यायपालिका और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। देरी हो सकती है, लेकिन अंत में न्याय मिलेगा और सच्चाई की जीत होगी। केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप ने देशभर में विरोध-प्रदर्शन किया, लेकिन भाजपा ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन भी नहीं करने दिया।
भाजपा का राजनीतिक अहंकार : दिलीप पांडे
आप नेता दिलीप पांडे ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी भाजपा का राजनीतिक अहंकार दर्शाता है, लेकिन हमारे शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार कर भाजपा आम आदमी पार्टी को खत्म नहीं कर पाएगी। केजरीवाल एक विचारधारा का नाम है, उन्हें गिरफ्तार करना भाजपा की अब तक की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगी। भाजपा ने दिल्लीवालों के चहेते मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर भावनाओं से खिलवाड़ किया है। जनता लोकसभा चुनाव में भाजपा से इसका बदला लेगी। भाजपा नेताओं के दिल में बेचौनी, बौखलाहट और हड़बड़ाहट ईडी की कार्रवाई से साफ-साफ दिखाई देती है। मामला कोर्ट में होने, कोर्ट से निर्देश और तारीख मिलने के बावजूद केजरीवाल की गिरफ्तारी की गई। ब्यूरो
लोकतांत्रिक मर्यादा का चीरहरण : योगेंद्र
योगेंद्र यादव ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मर्यादा का चीरहरण बताया। उन्होंने इलेक्टोरल बांड को लेकर केंद्र सरकार पर हमला भी बोला है। उन्होंने कहा कि इस हिसाब से तो इलेक्टोरल बॉण्ड घोटाले में पूरी केंद्रीय कैबिनेट को जेल में होना चाहिए।
प्रशांत भूषण ने की निंदा
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता व पार्टी के गठन में केजरीवाल का साथ देने वाले प्रशांत भूषण ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि ईडी ने चुनावी बांड के जरिये कॉरपोरेट्स से धन की उगाही में शामिल रहे लोगों की जांच करनी चाहिए और उन पर केस चलाया जाना चाहिए, मगर ईडी ने केजरीवाल को उनके खिलाफ कोई दस्तावेजी सबूत के बिना गिरफ्तार कर लिया है।