कबूतरबाजी का पर्दाफाश, सेक्टर-18 मार्केट में की करोड़ों की ठगी
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाला एक गिरोह प्रकाश में आया है। नोएडा के सबसे पॉश मार्केट सेक्टर-18 में ऑफिस खोल कर लोगों से करोड़ों रुपए ऐंठ कर ओशियन कंसलटेंट के नाम से कंपनी चलाने वाला ललित सूरी लोगों के पासपोर्ट भी लेकर फरार हो गया।
ललित सूरी के फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब उसने लोगों को एयरपोर्ट बुला कर अपना मोबाइल फोन बंद और ऑफिस पर ताला जड़ कर फरार हो गया। इस मामले में लोगों ने एक साथ एसएसपी गौतमबुद्धनगर डॉ. प्रीतिंदर सिंह से शिकायत की है।
कबूतरबाजी करने वाले ललित सूरी ने बेरोजगारों को विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाया। उनके पासपोर्ट पर वीजा लगवाने से लेकर उन्हें विदेश भेज कर सैटल करने तक का ठेका एक लाख से पांच लाख रुपए तक ले लिया।
ललित ने दो सप्ताह पूर्व उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के लीडिंग अखबारों में ओशियन कंसलटेंट के नाम से विज्ञापन दिया और दो नंबर 99110545.., 01204588.., दिए जिससे लोग संपर्क कर सकें। ललित ने सेक्टर-18 स्थित 214, पी-4 में बाकायदा एक ऑफिस भी खोल लिया।
विज्ञापन पढ़ते ही लोगों ने उससे संपर्क किया और लोगों से उसने पहली बार में 45 हजार रुपए डिमांड किए जिसमें उसने सैकड़ों लोगों को दिल्ली स्थित अशोक नगर में एक प्राइवेट पैथालॉजी में बारी-बारी से मेडिकल कराया।
ओशियन कंसलटेंसी के नाम से थी कंपनी
विश्वास जमाने के लिए उसने लोगों को मेडिकल में फिट बताते हुए वीजा लगाने के लिए पासपोर्ट के संग बाकी की रकम वसूली। एक साथ करीब 150 लोगों को उसने अलग-अलग नौकरी के लिए 14 मई को दुबई, साउदी अरब, ब्राजील आदि देशों में जाने के लिए उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट बुलाया।
लोगों से उसने उनके पासपोर्ट पहले ही जब्त कर लिए थे जो उसने उन्हें एयरपोर्ट पर हैंडओवर करने को बोला था। मगर करोड़ों ऐंठ कर उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। साउदी अरब में नौकरी का झांसा पाने वाले गोरखपुर निवासी अभिमन्यु शर्मा ने बताया कि उसने 70 हजार रुपए ललित सूरी को दिए और उसके पासपोर्ट पर वीजा लगाने को बोल कर जब्त कर लिया।
इसी क्रम में हनुमानगढ़, राजस्थान निवासी इस्लाम खान को दुबई और मनोहर सिंह को ब्राजील में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों ठग लिए। मनोहर ने बताया कि 14 मई को जब ब्राजील जाने के लिए फ्लाईट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे, उस दौरान 150 से ज्यादा लोग ऐसे थे जो ओशियन कंसलटेंट द्वारा नौकरी विदेश में करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे।
जब लोगों को लगा उनके साथ धोखा हुआ है उसके बाद 15 मई को पीड़ित नारायण राय, उदल कुमार, इस्लाम खान, मनोहर सिंह, घनश्याम सिंह समेत दर्जनों लोग एक साथ एसएसपी के पास पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।