NIC के निदेशक के घर से कैश और दस्तावेज चोरी
राजधानी के अति सुरक्षित कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित एशिया हाउस में रहने वाले नेशनल इन्फॉरमेटिक सेंटर (एनआईसी) के तकनीकी निदेशक श्रीनिवास के घर से कैश और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी की खबर है।
श्रीनिवास, पत्नी और बेटे के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी किसी बैंक में वरिष्ठ अधिकारी हैं। ३१ अगस्त की दोपहर सोसाइटी के गार्ड ने श्रीनिवास को फोन पर कमरे का दरवाजा खुले होने की जानकारी दी थी।
उसके बाद सौ नंबर पर शिकायत की गई थी।
दस्तावेज उड़ा ले गए चोर
जांच के दौरान अलमारी से ७४०० रुपये की चोरी होने की जानकारी मिली। श्रीनिवास ने बताया कि अलमारी में कार्यालय से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे, जो वारदात के समय घर में बिखरे पड़े थे।
जांच में पुलिस ने पाया कि चोरों ने घर का लॉक तोडऩे के बाद अलमारी को तोड़कर चोरी की है। आशंका है कि चोर दस्तावेज उड़ा ले गए। संसद मार्ग थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले की छानबीन में जुटी है।