हाईवे गैंगरेप: पीड़ित महिलाओं ने की जान देने की कोशिश, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से टूटा भरोसा
जेवर-बुलंदशहर हाईवे पर 24 मई की रात सामूहिक दुष्कर्म की शिकार तीन महिलाओं ने रविवार को आत्महत्या की कोशिश की। कार चालक की पत्नी ने गले में फंदा डालकर, जबकि वारदात के दौरान मारे गए स्क्रैप व्यापारी की बहन व भाभी ने केरोसिन डालकर खुदकुशी की कोशिश की।
हालांकि परिजनों ने वक्त रहते उन्हें ऐसा करने से रोक लिया। बताया गया है कि तीनों महिलाओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने व प्रशासन की अनदेखी से आहत होकर यह कदम उठाया।
रविवार तड़के 3:30 बजे सामूहिक दुष्कर्म की शिकार चालक की पत्नी दुपट्टे से बना फंदा गले में डालकर आत्महत्या करने जा रही थी। इसी दौरान नमाज के लिए उठे परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। परिजनों ने उसे आत्महत्या करने से रोक लिया।
पीड़िता ने बताया कि बदमाशों ने सिलेंडर भरवाने के लिए रखे 600 रुपये भी लूट लिए। उसके पास इलाज के लिए भी रुपये नहीं हैं। अगर, पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया और सरकार ने उनकी मदद नहीं की तो उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा।
पीड़िताओं के घर जाकर पूछताछ करेंगे सीओ
परिवार वालों ने बताया कि महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म की बात से पुलिस के इनकार किए जाने के बाद से पीड़ित महिला ने कई बार जान देेने की बात चुकी है। इधर, स्क्रैप व्यापारी के परिवार के लोगों ने बताया कि व्यापारी की बहन व भाभी ने एक कमरे में जाकर खुद पर केरोसिन डालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने उन्हें देख लिया और उन्हें खुदकुशी करने से रोक लिया।
जेवर कांड की तीन दुष्कर्म पीड़िताओं के खुदकुशी की कोशिश करने की सूचना व्हाट्सएप ग्रुप पर एक मैसेज के माध्यम से मिली। सीओ को निर्देश दिया गया है कि वह पीड़िताओं के घर जाकर उनसे पूछताछ करें।
पीड़ित महिलाओं से बात कर उनकी हर संभव मदद कराने का प्रयास किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। -लव कुमार, एसएसपी, गौतमबुद्ध नगर