अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी हुई योगमय, कनॉट प्लेस में आयोजित हुआ मुख्य कार्यक्रम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बुधवार की सुबह पूरी दिल्ली योगमय होगी। छोटे-बड़े तमाम संगठनों ने विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया है। मुख्य योग कार्यक्रम कनॉट प्लेस में होगा। आयुष मंत्रालय व एनडीएमसी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम वैंकेया नायडू, अन्य नेता और कई गणमान्य व्यक्ति योग करेंगे। राजधानी के अन्य स्थानीय निकायों ने भी योग कार्यक्रमों का आयोजन किया है। सभी जगह सुबह छह बजे योग कार्यक्रम आरंभ होंगे और करीब नौ बजे तक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
एनडीएमसी ने योग दिवस पर पूरे कनॉट प्लेस में कार्यक्रम आयोजित किए है। उसका मुख्य कार्यक्रम जनपथ पर किया है, जिसमें केंद्रीय मंत्री एम वैंकेया नायडू व विजय गोयल, उपराज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आदि प्रमुख हस्तियां योग करेगी। इसके अलावा एनडीएमसी ने लोधी गार्डन, नेहरू पार्क, तालकटोरा गार्डन में भी योग कार्यक्रमों का आयोजन किया है। इन स्थानों पर देश विदेश के अधिकारी एवं देश के नेता और अन्य लोग योग करेंगे।
एनडीएमसी के अनुसार उसके समस्त कार्यक्रमों में सुबह सात बजे से पौने आठ बजे तक योग होगा। इसके अलावा इन कार्यक्रमों में लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नई दिल्ली इलाके में जगह-जगह एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया जाएगा। वहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन दिखाने की भी विशेष व्यवस्था की गई है।दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने योग दिवस के उपलक्ष्य में तालकटोरा स्टेडियम में योग कार्यक्रम का आयोजन किया है।
इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी एवं अन्य नेता हिस्सा लेंगे। वहीं उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ओर से करोल बाग स्थित अजमल खां पार्क में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जबकि पूर्वी दिल्ली नगर निगम पटपडग़ंज स्थित अपने मुख्यालय में योग कार्यक्रम आयोजित करेगी। दिल्ली छावनी बोर्ड श्री नगेश गार्डन में योग कार्यक्रम कर रहा है। इस कार्यक्रम में सेना एवं अन्य विभागों के करीब तीन हजार लोग योग करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर योग कार्यक्रमों की धूम मची
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भले ही बुधवार को है, लेकिन इसको जोर शोर से मनाने की धूम कई दिनों से मची हुई है। योग दिवस की पूर्व संध्या पर अनेक संगठन ने मंगलवार को योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसके कई सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों ने योग दिवस के दिन योग करने का अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया।
एनडीएमसी के कार्यक्रमों में योग करने वालों ने विभिन्न स्थानों पर मंगलवार को कड़ा अभ्यास किया। उन्होंने खास तौर पर उन स्थानों पर योग किया, जहां बुधवार को कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी तरह तीनों नगर निगम, दिल्ली छावनी बोर्ड ने भी अभ्यास कार्यक्रम किया। जबकि कुछ संस्थाओं और नेताओं ने भी मंगलवार को योग कार्यक्रम किया। भाजपा के पूर्व विधायक विजय जौली की अगुवाई में संगम विहार में योग कार्यक्रम संपंन हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।