कमरे में सुरंग बनाकर इंडियन ऑयल के पाइपलाइन से तेल चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तम नगर स्थित एक कमरे में सुरंग बनाकर इंडियन ऑयल की भूमिगत पाइपलाइन से तेल चोरी करने का मामला सामने आया है। यह पाइपलाइन मथुरा तेल शोधक कारखाने से जालंधर तक जाती है।
इंडियन ऑयल के सुरक्षाकर्मियों द्वारा सुरंग का खुलासा किए जाने के बाद अधिकारियों ने उत्तम नगर थाने में तेल चोरी, पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने, जानमाल का क्षति पहुंचाने का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस आरोपी मकान मालिक व उसके केयरटेकर की तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक ,इंडियन ऑयल कंपनी को कुछ दिनों से पाइप लाइन में प्रेशर ड्रॉप के सिग्नल मिल रहे थे।
इसका मतलब होता है कि कोई शख्स पाइपलाइन को क्षति पहुंचाकर उसमें से तेल की चोरी कर रहा है। हालांकि पाइपलाइन की सुरक्षा के लिए कंपनी ने सेना से रिटायर्ड कर्मियों को नियुक्त कर रखा है जो दिन-रात पेट्रोलिंग करते रहते हैं।
ऐसे हो सका तेल चोरी का खुलासा
गत 22 दिसंबर की रात दो बजे पेट्रोलिंग टीम भगवती गार्डन एक्सटेंशन में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों को तेल की गंध महसूस हुई। साथ ही वहां की मिट्टी भी गीली थी।
गीली मिट्टी के सामने एक प्लॉट था, जिसमें एक कमरा बना हुआ था और बाहर दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। शक होने पर सुरक्षा कर्मियों ने उत्तम नगर थाने को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ डाला। तलाशी के दौरान एक कमरे में गीली और ढीली मिट्टी मिली। उसकी खुदाई करने पर मिट्टी के नीचे प्लास्टिक के खाली बोरे थे।
सुरंग में मिला आठ फीट का गड्ढा
बोरे को हटाते ही लोहे की जाली मिली। लोहे की जाली के नीचे सुरंग बनी हुआ था और अंदर जाने के लिए लकड़ी की सीढ़ी लगी हुई थी। जिसके आगे आठ फीट का गड्ढा था। जिसमें तेल भरा हुआ था।
जांच में पता चला कि यह प्लॉट मुल्तान नगर निवासी अशोक कुमार का है। अशोक ने इस प्लॉट की देख रेख का जिम्मा राजेश कुमार को दे रखा है।
कंपनी के सीनियर ऑपरेशन एंड मेटिनेंस इंजीनियर आशीष कुमार की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।