सर्वे: झारखंड और कश्मीर में नहीं चलेगा मोदी का जादू
एबीपी नेल्सन सर्वे के एक दिन बाद इंडिया टीवी और न्यूज एक्स सी वोटर ओपिनियन पोल ने मंगलवार को दिल्ली, झारखंड और जम्मू-कश्मीर के संबंध में अपनी भविष्यवाणी जारी करते हुए कहा कि दिल्ली में होने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल सकता है।
जहां एबापी नेल्सन सर्वे ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में 46 सीटों की संभावना व्यक्त की थी वहीं, इंडिया टीवी और न्यूज एक्स सी वोटर ओपिनियन पोल में भी पार्टी के लिए अच्छी खबर है। इस ओपीनियन पोल में संभावना व्यक्त की गई है कि भाजपा को दिल्ली में 37 सीटें मिल सकती हैं। बता दें कि 70 सदस्यीय विधान सभा में बहुमत के लिए 36 सीटों की ही जरूरत पड़ेगी।
इस सर्वे में भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के लिए अच्छी खबर नहीं है। टीवी और न्यूज एक्स सी वोटर ओपीनियन पोल के मुताबिक आगामी दिल्ली विधान सभा चुनाव में आप को 26 सीटों से संतोष करना पड़ेगा जबकि कांग्रेस दिल्ली में महज छह सीटों पर सिमट सकती है।
मोदी ने यहां भी मारी बाजी
लोकसभा चुनाव के बाद भले ही प्रधानमंत्री मोदी पर उनके विरोधी लगातार निशान साध रहे हैं लेकिन एबीपी-नेल्सन सर्वे के बाद इंडिया टीवी और न्यूज एक्स सी वोटर ने भी मोदी की लोकप्रियता पर मुहर लगा दी है।
इंडिया टीवी और न्यूज एक्स सी वोटर ओपिनियन पोल के मुताबिक दिल्ली में अभी भी मोदी ही सबसे लोकप्रिय नेता हैं। पोल के मुताबिक दिल्ली के 57% लोग नरेंद्र मोदी को ही सबसे बेहतर नेता मानते हैं जबकि केजरीवाल के पक्ष में केवल 34% लोगों ने ही वोट दिया।
बता दें कि एबीपी-नेल्सन सर्वे में भी मोदी को दिल्ली की 63% जनता ने अपना मत दिया था। वहीं केजरीवाल को 25% लोगों ने मत दिया और राहुल गांधी लोकप्रियता के मामले में तीसरे नंबर पर थे जिन्हें दिल्ली के महज 22% लोग ही बेहतर नेता मानते हैं।