दिल्ली : हर दिन सड़क हादसों में चार से अधिक की मौत, 2018 में 1604 लोगों ने सड़क हादसों में गंवाई जान
राजधानी की सड़कों पर बढ़ती वाहनों की संख्या का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। यही वजह है कि हर रोज दिल्ली की सड़कों पर औसतन चार से अधिक लोगों की मौत हो जाती है।
पिछले साल जहां 1510 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई, वहीं वर्ष 2018 में कुल 1604 लोगों ने सड़क पर हुए हादसों में अपनी जान गंवा दी। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां हादसों में कैसे कमी लाई जाए, उसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क हादसों में कुल 5831 लोग जख्मी भी हुए।
सड़क हादसों के कुछ आंकड़े :
हादसे वर्ष 2017 2018
साधारण हादसे 4895 4712
हादसों में मौके पर मौत 1491 1562
हादसों में घायल 6332 5831
कुल मौत 1510 1604
रोजाना 121 वाहन हो रहे चोरी
90 फीसदी वाहन नहीं हो सके बरामद, 4619 वाहन ही पुलिस कर सकी बरामद
दिल्ली पुलिस के वाहन चोरी के आंकड़ों पर गौर करें तो राजधानी में रोजाना औसतन 121 वाहन चोरी हो जाते हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पिछले साल 39084 के मुकाबले वर्ष 2018 में कुल 44158 वाहन चोरी किए गए। इनमें 32984 (74.70 फीसदी) दुपहिया वाहन, 8036 (18.20 फीसदी) कार और 3138 (7.11 फीसदी) अन्य वाहन हैं। इनमें केवल 4619 (10.46 फीसदी) वाहन ही बरामद हो पाए हैं। पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कुल 6751 लोगों को गिरफ्तार किया।
797 केसों का रोजाना किया निपटारा
दिल्ली में बढ़ते अपराधों के बीच दिल्ली पुलिस ने वर्ष 2018 में हर दिन औसतन करीब 797 पेंडिंग पड़े केसों का निपटारा किया। आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2018 में 291039 केसों का निपटारा किया गया। पिछले साल यह आंकड़ा 264558 (हर दिन औसतन 724) का था।
15 अपराधियों पर लगाया मकोका
दिल्ली पुलिस ने पिछले साल 11 के मुकाबले 2018 में 15 बदमाशों के खिलाफ मकोका का केस दर्ज किया। इसमें 38 बदमाशों की और पहचान कर उन पर भी मकोका लगाने की तैयारी है। पुलिस के मुताबिक बार-बार अपराध करने वाले बदमाशों की पहचान कर उन पर मकोका लगाया जाता है। मकोका लगने के बाद बदमाश को जेल से जमानत मिलने में दिक्कत होती है।
168 इनामी बदमाशों को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने वर्ष 2018 में 168 इनामी बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। इनमें एक लाख और उससे अधिक के इनाम के 48 बदमाश थे। वहीं 50 हजार के 58, 25 हजार के 46, 10 हजार के 15 और पांच हजार का एक ही बदमाश पकड़ा गया। इसके अलावा 1848 भगोड़े बदमाशों को पकड़ा। वहीं 120 फरार बीसी की गिरफ्तारी हुई।
रोडरेज की 49 घटनाएं दर्ज
बढ़ती जनसंख्या और बढ़ती वाहनों की संख्या के बीच लोग सड़कों पर खूब आपा खो रहे हैं। दिसंबर माह में पांडव नगर और गीता कॉलोनी में रोडरेज के दौरान दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वर्ष 2018 में पुलिस ने रोडरेज के कुल 49 मामले दर्ज किए।
स्पेशल सेल ने 9 आतंकी पकड़े
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने वर्ष 2018 में कुल 9 बड़े आतंकियों को गिरफ्तार कर राजधानी को आतंकवादी घटनाओं से बचाया है।
संगठन संख्या
आईएम/सिमी 2
हिजबुल मुजाहिद्दीन 1
आईएसआईएस 2
केसीपी 2
लश्कर-ए-तैयबा 1
केएलएफ 1