IIT Delhi: हाउस डे पर पूरे ढके कपड़े पहनने के फरमान पर कॉलेज ने लिया यू-टर्न
गर्ल्स ड्रेस कोड के चलते आईआईटी दिल्ली मंगलवार को दिनभर विवादों में रहा। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद उक्त सर्कुलर को वापस ले लिया गया।
यह सर्कुलर आईआईटी दिल्ली के दो गर्ल्स हॉस्टलों हिमाद्री और कैलाश में चिपकाया गया था, जिसमें लिखा था कि वार्षिक कार्यक्रम ‘हाउस डे’ में छात्राओं को पूरे ढके हुए कपड़े पहनकर आना है।
आईआईटी दिल्ली की छात्राओं के मुताबिक, सोमवार को यह नोटिस उक्त दोनों गर्ल्स हॉस्टल में चिपकाया गया था। इस नोटिस में लिखा था कि 20 अप्रैल को कैंपस में हाउस डे का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें इंनोवेशन आदि को दर्शाया जाएगा।
मुद्दे पर बवाल देख लिया यू-टर्न
इस दौरान बाहर से गेस्ट भी आए होंगे। इसलिए छात्राओं (रेजीडेंट ) से आग्रह किया जाता है कि वे हाउस डे के दिन फुल कवर्ड डिसेंट वेस्टर्न और इंडियन ड्रेसेज ही पहनें। इस नोटिस के नीचे वार्डन के हस्ताक्षर भी थे।
हालांकि छात्राओं का कहना है कि हर वर्ष हाउस डे कार्यक्रम का आयोजन होता है। वार्डन छात्राओं को जुबानी ही हाउस डे के दिन फोरमल ड्रेस में आने का आग्रह करती थी, लेकिन इस प्रकार नोटिस पहली बार चिपकाया गया है, जो गलत है।
छात्राओं का कहना है कि आईआईटी में बीटेक प्रोग्राम में दाखिला लेने के बाद उनमें इतनी समझ होती है कि कहां पर किस कार्यक्रम में क्या पहन कर जाना है।