पत्नी की हत्या के बाद जारी किया वीडियो: 'बेटी की देखरेख की व्यवस्था के बाद जेल जाऊंगा', सात मिनट में उगले राज
पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वीडियो में आरोपी कह रहा है कि मेरे परिवार पर लगाया गया दहेज हत्या का आरोप गलत है।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के दनकौर के जगनपुर गांव में करीब चार दिन पहले दहेज को लेकर हुई महिला की हत्या के मामले में आरोपी पति ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर लोगों से मदद मांगी है। करीब सात मिनट के वीडियो में उसने कहा है कि मेरे परिवार पर लगाया गया दहेज हत्या का आरोप गलत है। जबकि भाई से ही अचानक गोली चलने से पत्नी की मौत हुई है।
उसने कहा है कि सवा माह की बेटी की देखरेख की व्यवस्था करने के बाद ही जेल जाऊंगा। साथ ही इस मामले में भाई को ही हादसे का आरोपी बताते हुए पूरे परिवार को निर्दोष बताया है और पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच करने की अपील की है। वहीं पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
24 अगस्त को जगनपुर गांव में निधि की गर्दन में गोली लगा हुआ शव घर के कमरे में बेड पर पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंचे दिल्ली के सराय काले खां निवासी मृतका के परिजनों ने देवर तरुण को घर से दबोच कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति, देवर व सास समेत छह पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही देवर तरुण, ससुर रमेश व सास को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था।
उस वक्त पुलिस ने बताया था कि आरोपियों ने एक करोड़ का फ्लैट लेने के लिए मृतका के परिजनों से रुपयों की मांग की थी। मृतका के परिजनों ने रुपये देने की हामी भरने के बाद भी फ्लैट लेने के लिए रुपये नहीं दिए, जिससे उसकी साजिश के तहत हत्या की गई थी। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी पति का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो वायरल करने वाले स्रोत की जांच पड़ताल कर आरोपी पति को गिरफ्तार करने में पुलिस जुटी हुई है, आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। निधि की अवैध हथियार से दहेज के लिए ही हत्या की गई है।