गर्लफ्रेंड से मिलने उसके अपार्टमेंट गया था होटल मैनेजर, सुबह फंदे से लटकती मिली लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
द्वारका इलाके के एक अपार्टमेंट में पांच सितारा होटल के मैनेजर की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। 23 वर्षीय मैनेजर फांसी से लटका हुआ मिला है। हालांकि उसके परिजनों ने गर्लफ्रेंड व उसके परिवार वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मैनेजर का शव जिस द्वारका सेक्टर दस स्थित शकुंतलम अपार्टमेंट में मिला है वह उसकी गर्लफ्रेंड का है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस के अनुसार मरने वाले की शिनाख्त अर्नव दुग्गल (23) के रूप में हुई है। अर्नव सपरिवार वेस्ट पटेल नगर में रहता था। परिवार में पिता आलोक दुग्गल, मां अनुजा दुग्गल और बहन अवनी दुग्गल है। अर्नव होटल मैनेजमेंट में एमबीए करने के बाद आईटीसी के होटल्स यूनिट में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
उसके परिजनों के अनुसार गत 12 जून की रात अर्नव अपनी गर्लफ्रेंड और दूसरे दोस्तों के साथ पार्टी में गया था। बाद में अर्नव अपनी होंडा अमेज कार से गर्लफ्रेंड को छोडने उसके फ्लैट पर गया था।
13 जून तड़के तीन बजे अर्नव की गर्लफ्रेंड ने पुलिस को उसके आत्महत्या करने की जानकारी दी। उसकी गर्लफ्रेंड ने पुलिस को बताया कि अर्नव बेचैनी होने की बात कहकर यहीं रूक गया था।
सोशल साइट पर जस्टिस फॉर अर्नव की पीटीशन
पुलिस ने घटना की जानकारी उसके पिता को दी। जब उसके पिता मौके पर पहुंचे तो पुलिस शव को कब्जे में कर ले जा रही थी। पिता का आरोप है कि गर्लफ्रेंड के पास उनका फोन नंबर था, ऐसे हालात में उसने अर्नव के बारे में कुछ भी नहीं बताया।
उन लोगों ने गर्लफ्रेंड और उसके परिवार वालों पर हत्या का आरोप लगाया। परिवार वाले बृहस्पतिवार पुलिस आयुक्त से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल की फोरेंसिक जांच करवायी गयी है। शुक्रवार को एम्स में डॉक्टरों की टीम अर्नव का पोस्टमार्टम करेगी। पुलिस सभी पहलूओं पर जांच कर रही है।
अर्नव की मौत के बाद उसकी बहन अवनी दुग्गल ने फेसबुक पर जस्टिस पर अर्नव दुग्गल (मर्डर) नाम से पीटीशन की मुहिम छेड़ी है। करीब पांच हजार कैपेसिटी वाली इस पीटीशन में बृहस्पतिवार शाम देर शाम तक करीब तीन हजार सपोटर्स इस मुहिम के हिस्सा बन चुके हैं।
बहन का कहना है कि उसके भाई की हत्या की गयी है। परिवार वालों के मुताबिक अर्नव की गर्लफ्रेंड भी उसी कंपनी में काम करती है। दोनों के बीच कुछ समय पहले ब्रेकअप हो गया था। उसके बाद दोनों के बीच साधारण मुलाकात होती थी।