सुप्रीम कोर्ट पहुंचा 4 लड़कियों से गैंगरेप का मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आखिरकार सामूहिक बलात्कार पीड़िताओं की आवाज सर्वोच्च न्यायालय पहुंच गई। न्याय के लिए भटक रही पीड़िताओं के वकील ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
हिसार के भगाणा गांव की सामूहिक बलात्कार की शिकार पीड़िताओं ने सुप्रीम कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई है। पिछले पांच दिनों से पीड़िताएं जंतर-मंतर पर धरना दे रही थीं, लेकिन प्रदेश और केंद्र सरकार की उपेक्षा के बाद अब उन्होंने कानून का सहारा लिया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की राज्य सरकार से लेकर सोनिया गांधी के आवास तक गुहार लगाने के बाद भी उनकी किसी ने नहीं सुनी। यहां तक कि जंतर-मंतर पर धरना देने के साथ वे कई दलित नेताओं से भी मिले, लेकिन सभी ने चारों लड़कियों की उपेक्षा कर दी।
सात लड़कों ने किया था गैंगरेप
न्याय दिलाने और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पीड़िताओं को लेकर दिल्ली आए वेदपाल तंवर ने बताया कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के वकील कोलिन जॉन्साल्वेस के माध्यम से आरोपियों पर कार्रवाई के लिए याचिका दायर की है।
गौरतलब है कि 23 मार्च को सात लड़कों ने इन लड़कियों को भगाणा गांव से ही अगवा किया था। तीन दिन तक सामूहिक बलात्कार करने के बाद इन्हें भठिंडा में छोड़ दिया गया। तब से ये दलित नाबालिग लड़कियां परिजनों के साथ न्याय के लिए लड़ाई लड़ रही हैं।
इनके साथ इनके परिजन और गांववाले भी जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। इसके साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय और जेएनयू के छात्र और छात्राएं भी इन पीड़िताओं के लिए न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन कर चुके हैं।