हरियाणा विधानसभा चुनाव: गुरुग्राम में 55 और फरीदाबाद में 54 फीसदी मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुग्राम जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को हल्की नोंकझोंक के बीच 54 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में बंद हो गया है। जिले मे विधानसभा चुनाव 53 प्रतिशत मतदाताओं ने हिस्सा लिया। वर्ष 2014 के दौरान विधानसभा चुनाव में 66 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह इस बार 13 प्रतिशत कम मतदान हुआ है यानी मतदाताओं ने चुनाव आयोग के मतदान बढ़ाने के तमाम प्रयासों के बावजूद मतदान में कम रुचि ली।
गुरुग्राम जिले में सोहना विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक मतदान हुआ। इस क्षेत्र में करीब 70 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 45 प्रतिशत मतदान हुआ। जिला के निर्वाचन अधिकारी अमित खत्री के अनुसार गुड़गांव में 52.33 प्रतिशत एवं पटौदी विधानसभा क्षेत्र में 50 प्रतिशत मतदान रहा। इन चारों विधानसभा क्षेत्रों में वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार कम मतदान हुआ है, जबकि इस बार अधिक मतदान होने का अनुमान था, क्योंकि इस साल लोकसभा चुनाव के दौरान जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में 66 प्रतिशत मतदान हुआ था।
चारों विधानसभा क्षेत्र में सोमवार की सुबह मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने शुरू हो गए थे और शाम छह बजे के बाद भी अनेक मतदान केंद्रों पर मतदाता लाइनों में लगे थे। ऐसे मतदान केंद्रों पर शाम छह बजे के बाद तक मतदान हुआ। जिले में अनेक मतदान केंद्रों पर पूरा दिन मतदाताओं का आवागमन रहा, जबकि कुछ मतदान केंद्रों पर सुबह एवं शाम को मतदाताओं की भीड़ रही, लेकिन दिन में वे खाली पड़े थे। उधर चुनाव के दौरान कोई भी गड़बड़ी नहीं हुई। केवल एक दर्जन स्थानों को छोड़कर अन्य सभी जगह मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ।
पटौदी क्षेत्र में शुरूआत में हल्की शुरूआत के बाद तेजी आई
पटौदी विधानसभा क्षेत्र में सुबह मतदान की शुरूआत काफी हल्की रही थी, लेकिन दिन बढने के साथ-साथ मतदान की रफ्तार भी बढनी शुरू हो गई। सुबह पहले दो घंटे के दौरान 10 प्रतिशत भी मतदान नहीं हुआ था। इस दौरान अधिकतर मतदान केंद्र खाली पड़े रहे। इस कारण माना जा रहा था कि इलाके में मतदान काफी कम होगा।
इसी बीच मतदान कम होने के बारे में मालूम होते ही उम्मीदवारों के समर्थक सक्रिय हो गए और वे अपने पक्ष में मतदान करने वाले मतदाताओं को घरों से निकालने में जुट गए। लिहाजा दोपहर बाद मतदाताओं ने घरों से निकलना आरंभ किया और शाम तक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का तांता लगा रहा। क्षेत्र में करीब 50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।
बादशाहपुर क्षेत्र में पूरा दिन हल्का रहा मतदान
बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में पूरा दिन मतदान केंद्र खाली-खाली से रहे। क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुककर तदाता आए। क्षेत्र के गांवों में मतदान का प्रतिशत सही रहा। गांवों के मतदान केंद्रों पर पूरा दिन मतदाता आते रहे, लेकिन सेक्टरों एवं सोसायटियों के मतदान केंद्र पूरा दिन खाली रहे। क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर दोपहर की तरह सुबह और शाम को भी भीड़ नहीं रही।
इन मतदान केंद्रों पर कई बार 15-20 मिनट तक मतदाता नहीं आए, जबकि इस क्षेत्र में भारी मतदान होने का अनुमान लगाया जा रहा था। क्षेत्र में करीब 45 प्रतिशत मतदान होने का अनुमान है। इस तरह क्षेत्र में पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तुलना में करीब 18 प्रतिशत मतदान कम हुआ।
गुड़गांव में सुबह से लेकर दोपहर तक तेज मतदान हुआ
गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र में सुबह से ही मतदान केेंद्रों पर मतदाताओं की लाइनें लगनी शुरू हो गई थी और दोपहर दो बजे तक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की काफी भीड़ रही। इस दौरान मतदाताओं को आधा से एक घंटे तक लाइन में लगना पड़ा, लेकिन शाम के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कोई खास भीड़ नहीं रही, जबकि मतदान केंद्रों पर सुबह के समय मतदाताओं की भीड़ को देखते हुए शाम को अच्छी खासी संख्या में मतदाताओं के आने की संभावना थी।
दरअसल समस्त उम्मीदवारों ने अपने गढ़ों में सुबह ही मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर भेज दिया था। क्षेत्र में 52.33 प्रतिशत हुआ। पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव से करीब 10 प्रतिशत मतदान कम हुआ है।
सोहना क्षेत्र में पूरा दिन मतदाताओं की लाइनें लगी रही
सोहना विधानसभा क्षेत्र में भारी मतदान हुआ। क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सुबह से शाम तक मतदाताओं की भारी भीड़ रही। इतना ही नहीं, कई मतदान केंद्रों पर मतदान का समय खत्म होने के बाद भी मतदाता लाइन में लगे रहे। इस क्षेत्र कई मतदान केंद्रों पर साढ़े छह बजे तक मतदान हुआ। क्षेत्र के गांवों की तरह शहरी क्षेत्र में मतदाताओं ने मतदान में काफी रुचि ली।
गांवों एवं शहर में सुबह सात बजे से पहले ही मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंचने शुरू हो गए थे और शाम छह बजे तक मतदाताओं के आने का सिलसिला जारी रहा। यहां दोपहर के समय भी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ रही। क्षेत्र में 70 प्रतिशत मतदान हुआ। इस क्षेत्र के मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव से भी अधिक मतदान किया।
कई कद्दावर नेताओं समेत 54 उम्मीदवारों की दांव पर प्रतिष्ठा
गुरुग्राम जिले के पटौदी, गुड़गांव, बादशाहपुर और सोहना क्षेत्र से 54 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है, मगर विशेषकर गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार एवं प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष मनीष यादव एवं पटौदी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार एवं प्रदेश भाजपा के सह प्रवक्ता सत्यप्रकाश जरावता की प्रतिष्ठा सबसे अधिक दावं पर लगी हुई है। इतना ही नहीं, इन उम्मीदवारों को टिकट दिलवाने में अहम भूमिका निभाने वाले मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भी प्रतिष्ठा भी दावं पर है।
सेक्टर-14 राजकीय कन्या महाविद्यालय में जमा हुई ईवीएम
गुरुग्राम जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में बनाए गए मतगणना केंद्र में जमा कराई गई है। यहां चारों विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम अलग-अलग हॉल में रखी गई है। पोलिंग पार्टिया देर शाम तक ईवीएम लेकर आई।
यहां ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था बहुस्तरीय की गई है। सुरक्षा में अर्ध सैनिक बलों और हरियाणा पुलिस के कर्मचारी तैनात रहेंगे। यहां पर 24 अक्तूबर को मतगणना होगी।
गुरुग्राम जिले में मतदान के प्रतिशत का ब्यौरा
विधानसभा क्षेत्र 2014 विस चुनाव 2019 लोस चुनाव 2019 विस चुनाव
पटौदी 65.80 प्रतिशत 71.86 प्रतिशत 50.00 प्रतिशत
बादशाहपुर 66.25 प्रतिशत 63.78 प्रतिशत 45.00 प्रतिशत
गुड़गांव 61.40 प्रतिशत 61.16 प्रतिशत 52.33 प्रतिशत
सोहना 74.16 प्रतिशत 68.69 प्रतिशत 70.00 प्रतिशत
जिले में 54.45 फीसदी मतदान कर निभाया फर्ज
विधानसभा चुनावों के लिए सोमवार को हुए मतदान में शहरवासी एक बार फिर फिसड्डी साबित हुए। सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शुरू से ही काफी धीमी गति से चला। दोपहर बाद मतदान में तेजी आई। शहरी क्षेत्र के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं का उत्साह देखने लायक था। ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में सुबह से ही लंबी कतारें लगी थीं। जिले में कुल 54.45 फीसदी मतदान हुआ जबकि 2014 के चुनाव में 62 प्रतिशत वोट पड़े थे।
सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान चुनाव कंट्रोल रूम में 1700 से ज्यादा शिकायतें भी पहुंची, मगर ज्यादातर शिकायतें बूथ न मिलने और पर्ची न मिलने से संबंधित थी। कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम की खराबी के कारण वहां थोड़ी देर से मतदान प्रक्रिया शुरू हो सकी। हालांकि पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
शाम छह बजे प्रदेश में मतदान के मामले में गुरुग्राम के बाद सबसे कम मत प्रतिशत 54.21 फरीदाबाद का है, जबकि 2014 में यह 62 प्रतिशत था। मतदान के मामले में पृथला विधानसभा सीट के मतदाताओं ने बाजी मारी और वहां 62.75 प्रतिशत मतदान किया, जबकि सबसे कम मतदान फरीदाबाद सीट पर 48.20 प्रतिशत रहा।
विधानसभा चुनाव के लिए जिले की छह विधानसभा सीटों पर सोमवार को 69 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। हालांकि मतदान के मामले में फरीदाबाद काफी पीछे रहा। जिले में सोमवार को शाम छह बजे तक चुनाव विभाग के अधिकारियों ने 54.21 प्रतिशत मतदान की पुष्टि की। इसके कुछ बढ़ने की भी संभावना है क्योंकि कई बूथों पर देर तक मतदान प्रक्रिया जारी रही।
धीमी गति से चला मतदान
जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर मतदान काफी धीमी गति से चला। पहले दौर में सुबह 7 से 9 बजे तक पृथला में 21.95 फीसदी, एनआईटी में 22.50, बड़खल में 11.23, बल्लभगढ़ में 18.90, फरीदाबाद में 12.26 और तिगांव में 15.60 फीसदी तक मतदान हुआ था। इसके बाद 11 से 1 बजे के बीच पृथला में 47.25, एनआईटी में 36.35, बड़खल में 17.23, बल्लभगढ़ में 30, फरीदाबाद में 21.37 और तिगांव में 22.30 फीसदी वोटिंग हुई।
दोपहर एक से तीन बजे के बीच पृथला में 56.20, एनआईटी में 42.38, बड़खल में 27.29, बल्लभगढ़ में 45.60, फरीदाबाद में 30.52 और तिगांव में 34.20 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर तीन से पांच बजे के बीच में पृथला में 62.75, एनआईटी में 51.80, बड़खल में 51.30, बल्लभगढ़ में 47, फरीदाबाद में 42.35 और तिगांव में 48.38 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम छह बजे चुनाव खत्म होने तक पृथला में 62.75, एनआईटी में 60, बड़खल में 51.30, बल्लभगढ़ में 52, फरीदाबाद 48.20 और तिगांव में 53.12 प्रतिशत मतदान हुआ।
विधानसभावार वर्ष 2019 और 2014 के मत फीसदी
विधानसभा 2019 2014
पृथला 62.75 फीसदी 73.01 फीसदी
एनआईटी 61.42 फीसदी 66.96 फीसदी
बड़खल 51.30 फीसदी 60.23 फीसदी
बल्लभगढ़ 52 फीसदी 60.36 फीसदी
फरीदाबाद 48.20 फीसदी 59.93 फीसदी
तिगांव 53.12 फीसदी 66.07 फीसदी