Gurugram: युवक के सिर-चेहरे पर भारी वस्तु से वार... खून से लाल हो गया नाले पर पड़ा पत्थर, पास पड़ी थीं चप्पलें
जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों से गुमशुदा लोगों की सूची मंगवाई गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मामले की छानबीन की जा रही है।
विस्तार
हरियाणा के गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर थाना क्षेत्र में आउटर रोड पर फुटपाथ के पास बुधवार की सुबह एक युवक का शव मिला है। युवक के सिर में भारी वस्तु से वार करके उसकी हत्या की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभित जांच में सामने आया है कि युवक के सिर व चेहरे पर गहरी चोटें लगने के कारण उसकी मौत हुई है। मृत युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
बुधवार की सुबह करीब आठ बजे आईएमटी मानेसर थाने की पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-7 में प्लॉट नंबर-139 के सामने खून से लथपथ एक युवक पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो एक युवक का शव पड़ा हुआ है और पास ही नाले के ऊपर खून भी बिखरा हुआ है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रात के समय युवक के सिर व चेहरे से किसी भारी वस्तु से वार करके उसकी हत्या की गई है। पास ही युवक की चमड़े की चप्पल भी रखी हुई थीं। संभावना है कि युवक यहां पर अपने किन्ही जानकारों के साथ बैठा हो और आपसी कहासुनी में झगड़ा होने पर उसकी हत्या की गई हो। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और मोर्चरी में पहुंचाया।
पुलिस ने आसपास कंपनियों में काम करने वालों को युवक शव दिखाया, लेकिन किसी ने भी मृतक की पहचान नहीं की। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य एकत्र किए हैं, इनमें खून के धब्बे, संभावित हथियार के निशान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रात के समय यह क्षेत्र सुनसान रहता है। ऐसे में संभावना है कि रात एक बजे से तीन बजे के दौरान यह हत्या की गई हो।
यह बोले अधिकारी-
जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों से गुमशुदा लोगों की सूची मंगवाई गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमॉर्टम होने के बाद ही युवक की मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।