Greenfield Link: दिल्ली से सीधे पहुंच सकेंगे मुंबई एक्सप्रेसवे, नहीं जाना होगा गुरुग्राम; बचेगा समय और पैसा
दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते गुरुग्राम की बजाय इस रास्ते से जाने वाले वाहन चालकों का समय और पैसा दोनों बचेगा।
विस्तार
दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेसवे पर आने के लिए अब गुरुग्राम आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दिल्ली से बल्लभगढ़ होते हुए दिल्ली-आगरा राजमार्ग से सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जाया जा सकेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के लिए 20 किलोमीटर का ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे तैयार कर लिया है। जिस पर जल्दी ही वाहनों का परिचालन आरंभ कर दिया जाएगा।
इस एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली से जयपुर 3:30 घंटे में पहुंचा जा सकेगा। यानी अगर जयपुर में कोई खास बैठक है, कोई अन्य समारोह है तो झटपट जयपुर पहुंचकर कुछ घंटों में ही वापसी कर सकेंगे और दिल्ली में भी अपने किसी समारोह या बैठक में हिस्सा ले सकेंगे। एनएचएआई का दावा है कि दक्षिणी दिल्ली से फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से जयपुर का सफर आसान, सुगम सुविधाजनक होने वाला है। यहां के लोग जिन्हें जयपुर जाना होता है, मुंबई एक्सप्रेसवे सोहना-दौसा-लालसोट खंड से दिल्ली-आगरा राजमार्ग होते हुए बल्लभगढ़ से जयपुर पहुंच सकेंगे।
एनएचएआई अगले हफ्ते दिल्ली-आगरा राजमार्ग से एक्सप्रेसवे तक 20 किमी ग्रीनफील्ड लिंक पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर देगा। बताया जा रहा है कि इसका ट्रायल पूरा हो गया है। मुंबई एक्सप्रेसवे से आरामदायक कनेक्टिविटी देने के लिए एनएचएआई ने डीएनडी फ्लाईवे से सोहना तक लिंक शुरू किया है।
इसे तीन पैकेज में बांटकर पूरा किया जा रहा है। दक्षिण दिल्ली में डीएनडी फ्लाईवे से जैतपुर तक नौ किमी तक यमुना के किनारे छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया गया है, जो केवल एक्सप्रेसवे के ट्रैफिक के लिए होगा। इसके बाद जैतपुर से बल्लभगढ़ तक मौजूदा बाईपास के माध्यम से एक्सप्रेसवे पर आया जा सकेगा। यह लिंक एक्सप्रेसवे के साथ मानेसर और बावल और नीमराना की पहुंच भी आसान करेगा।
बचेगा समय और पैसा
दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते गुरुग्राम की बजाय इस रास्ते से जाने वाले वाहन चालकों का समय और पैसा दोनों बचेगा। गुरुग्राम आने के लिए धौलाकुआं-द्वारका से राजीव चौक या महरौली से गोल्फ कोर्स होते आया जा सकता है। यहां से गुरुग्राम-सोहना हाईवे के रास्ते मुंबई एक्सप्रेसवे पर जाया जा सकता है। इन दोनों ही मार्गों से आने के लिए 30 मिनट का अतिरिक्त समय खर्च करना पड़ता है। गुरुग्राम -सोहना हाईवे पर कार सवार से एक तरफा यात्रा के 115 रुपये लिए जाते हैं। अब उनका यह समय और पैसा बच जाएगा। दिल्ली से सीधे एक्सप्रेसवे पर आने वाले को हिलालपुर टोल से गुजरते हुए जयपुर तक जाने के लिए भंडारराज तक 395 रुपये ही देने होंगे।
दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेसवे का लिंक जल्द खोल दिया जाएगा। दिल्ली से जयपुर और उससे आगे बड़कापरा तक का सफर करने वालों को इससे सहूलियत होगी। - जयवर्धन सिंह, परियोजना प्रबंधक, एनएचएआई