कैसे करें 'लक्ष्मी' की रक्षा: न किया किसी लिंक पर क्लिक, न आया कोई OTP; फिर भी बैंक खाते से कटे एक लाख रुपये
गुरुग्राम सेक्टर-65 निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अक्तूबर को उसके पास 15 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। इसकी कुछ देर बाद फिर से 85 हजार रुपये डेबिट होने का मैसेज मिला।
विस्तार
गुरुग्राम सेक्टर-65 निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अक्तूबर को उसके पास 15 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। इसकी कुछ देर बाद फिर से 85 हजार रुपये डेबिट होने का मैसेज मिला।
अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने न तो कोई ओटीपी किसी को बताया है और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया था। अनिल कुमार ने पुलिस से बैंक खाते से रुपये निकालने वाले अज्ञात जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई करने और रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
मैसेज आने के बाद खाते से कटे 75 हजार
जालसाजों ने एक महिला के बैंक खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए। बैंक खाते से रुपये निकलने से पहले महिला के पास संदिग्ध मैसेज आए थे। पीड़िता ने किसी भी व्यक्ति से अपना बैंक खाता विवरण या ओटीपी साझा नहीं किया।
सेक्टर-70 निवासी विम्मी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह अक्तूबर को उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 75 हजार रुपये डेबिट हो गए। रुपये निकलने से कुछ दिन पहले विम्मी को बैंक के माध्यम से संदिग्ध संदेश मिले थे कि अज्ञात व्यक्ति मुझसे संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।
विम्मी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कोई व्यक्तिगत बैंकिंग विवरण या ओटीपी किसी व्यक्ति से साझा नहीं किया। वहीं, किसी संदिग्ध लिंक पर भी क्लिक नहीं किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ साइबर अपराध थाना दक्षिण में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।