बारिश से बचने गए, मौत ने घेरा: गुरुग्राम में हादसा, स्कूल की दीवार गिरने से दो मजदूरों की गई जान; खौफनाक VIDEO
जान गंवाने वालों की पहचान सूरज और दयानंद के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के किठौर गांव के रहने वाले थे।
विस्तार
गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 इलाके में वसंत वैली स्कूल की एक दीवार शुक्रवार दोपहर बाद भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे दबकर दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में यूपी के मेरठ जनपद के शाहजहांपुर के गांव किठौर निवासी 45 साल के दयानंद और 35 साल का सूरज शामिल है। दोनों ही अपने अन्य साथियों के साथ यहां स्कूल परिसर में पुराने पेड़ उखाड़कर नए पेड़ लगाने आए थे। बारिश के चलते ये दीवार के पास बैठकर आराम कर रहे थे।
स्कूल में चल रहा था नया निर्माण
ये हादसा शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे हुआ। डीएलएफ फेज-2 में वसंत वैली स्कूल में पुरानी बिल्डिंग के बाद अब स्कूल का विस्तार हो रहा है और यहां नया निर्माण कार्य चल रहा है। इसी के तहत पुरानी बिल्डिंग में बनी 9 इंची की 8 फुट ऊंची दीवार को तोड़कर भी नए सिरे से बनाया जाना है। शुक्रवार को यूपी के मेरठ जनपद के शाहजहांपुर के किठौर गांव से सूरज, दयानंद व इनके 4 अन्य साथी भी यहां काम करने आए थे। सभी को स्कूल परिसर में पुराने पेड़ बदलकर नए पड़े लगाने थे। शुक्रवार को सुबह से हो रही बारिश के चलते ये स्कूल के पुराने भवन में 9 इंची वाली दीवार के पास बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान ये दीवार अचानक से गिर गई और सूरज व दयानंद इसके नीचे दब गए। अन्य साथियों ने इन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस को मजदूरों के परिवार आने का इंतजार
स्कूल में हादसे की सूचना के बाद डीएलएफ फेज-2 थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर दोनों लोग मृत मिले। पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की। मौके पर न तो बारिश के चलते जलभराव था और न ही कोई खुदाई की गई थी। दोनों मृतकों की पहचान कर पुलिस ने मेरठ में इनके परिजनों को सूचना दी। दोनों मृतकों के शवों को पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतकों के परिवार के आने का इंतजार किया जा रहा है। उनके बयान के आधार पर टीम आगे की कार्रवाई कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.