दबंगई: स्कूटी सवारों पर सड़क से उठाकर फेंका कुत्ता, दबंग लगातार कर रहे परेशान, पीड़ित घर छोड़ने को हुए मजबूर
दबंगों ने गली से कुत्ता उठाकर चलती स्कूटी पर सवार व्यापारी व उनके बच्चों पर फेंक दिया। स्कूटी सवार शुभम गोयल और उनके बच्चे घबरा गए। स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरने से बच गई।
विस्तार
बालाजी विहार में स्कूटी सवार व्यापारी और उनकी छह साल की मासूम बच्ची व चार साल के बेटे पर दो युवकों ने सड़क से उठाकर कुत्ता फेंक दिया। इससे तीनों चलती स्कूटी से गिरते-गिरते बच गए। विरोध करने पर आरोपियों ने धक्का मुक्की व मारपीट की।
आरोपियों ने मासूम बच्ची को भी धक्का दिया। पीड़ित व्यापारी का कहना है कि आरोपी युवकों ने 15 दिन में तीसरी बार उनके परिवार से अभद्रता की है। पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों आदित्य व रोहन को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली दादरी क्षेत्र के जीटी रोड स्थित बालाजी विहार कॉलोनी में जूता व्यापारी शुभम गोयल अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार की शाम वह अपनी छह वर्षीय बेटी व चार वर्षीय बेटे के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार से घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर आदित्य ने अपने साथियों के साथ गली से कुत्ता उठाकर चलती स्कूटी पर सवार व्यापारी व उनके बच्चों पर फेंक दिया। स्कूट सवार शुभम गोयल और उनके बच्चे घबरा गए। स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरने से बच गई।
विरोध करने पर आरोपी उनकी सात वर्षीय बेटी को खींचने लगा और उसको धक्का भी दिया। शुभम ने घर में घुसकर गेट बंद कर लिया। इसी दौरान आरोपी अपने साथी के साथ पीड़ित के घर के बाहर पहुंचा और जान से मारने की धमकी देने लगा। शुभम ने बताया कि 15 दिन पहले उनके भाई की आरोपी ने बाइक की चाबी छीन ली थी।
इसके बाद आरोपियों ने उनके परिवार व अन्य की गाड़ियों के शीश तोड़ दिए थे। आरोपियों की हरकत से परेशान व्यापारी अपने घर पर ताला लगाकर दादरी में अपने पिता के घर चला गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद भी आरोपी पीड़ित व्यापारी को फोन पर धमकियां दे रहा था। कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी आदित्य व रोहन को गिरफ्तार कर लिया गया है।