Gurugram: लॉरेंस गैंग के 10 शूटर गिरफ्तार, फिल्मी स्टाइल में करते वारदात; पुलिस की वर्दी-बेल्ट व जूते मिले
शूटरों के पास से पुलिस की वर्दी, चार पिस्टल, 28 कारतूस और दो गाड़ियां बरामद हुई हैं।
विस्तार
पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह के 10 शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान भिवानी निवासी जोगिंदर, प्रिंस, ईश्वर वालिया, झुंझनू (राजस्थान) निवासी राकेश कुमार, भरत और धर्मेंद्र, हिसार निवासी संदीप, दीपक, मोगा (पंजाब) निवासी हरजोत सिंह और पटियाला के सिंद्रपाल के रूप में हुई है।
आरोपी फिल्मी स्टाइल में वारदात को अंजाम देने के लिए पुलिस की वर्दी, बेल्ट और जूते लेकर आए थे। सात आरोपियों को भोंडसी थाना और तीन आरोपियों को सदर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से पुलिस की वर्दी, चार पिस्टल, 28 कारतूस और दो गाड़ियां बरामद हुई हैं।
एसीपी वरुण दहिया के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वह विदेश में बैठे गोल्डी बराड़, रोहित गोदरा और वीरू के इशारों पर वारदात करते हैं। उन्हें गुरुग्राम में एक बड़े व्यक्ति को अगवा कर करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलनी थी। फिल्मी स्टाइल में वारदात करने के लिए पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल करना था। वारदात से पहले ही गुरुग्राम की अपराध शाखा ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के हरियाणा में विभिन्न जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अपहरण और फिरौती की वारदात जोगिंदर की देखरेख में होनी थी। जोगिंदर पर 15 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पता चला है कि जोगिंदर की लॉरेंस बिश्नोई से पटियाला जेल में मुलाकात हुई थी। इसके बाद से ही वह उसके संपर्क में था। गिरफ्तार पांच आरोपी 25 साल से कम उम्र के हैं, जबकि पांच आरोपी पहले से ही संगीन मामलों में दर्ज हैं।