{"_id":"5de6c46f8ebc3e54f143bb9f","slug":"frauds-withdraw-40-lakh-from-account-fraudsters-gurgaon-news-noi476953077","type":"story","status":"publish","title_hn":"सेवानिवृत्त फौजी के खाते से जालसाजों ने एफडी तोड़ 40 लाख निकाले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सेवानिवृत्त फौजी के खाते से जालसाजों ने एफडी तोड़ 40 लाख निकाले
Wed, 04 Dec 2019 01:54 AM IST
नोएडा ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, गुरुग्राम
अमर उजाला ब्यूरो, गुरुग्राम
Published by: नोएडा ब्यूरो
Updated Wed, 04 Dec 2019 01:54 AM IST
विज्ञापन
फर्जीवाड़ा
गांव गढ़ी बाजिदपुर निवासी सेवानिवृत्त फौजी के खाते में सेंधमारी करते हुए शातिर जालसाजों ने 40 लाख की तीन फिक्स डिपॉजिट (एफडी) तोड़कर रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित फौजी की शिकायत पर बैंक प्रबंधन की ओर से मदद नहीं मिलने पर उन्हें लकवा आ गया।
विज्ञापन
फिलहाल वह गंभीर हालत में रेवाड़ी स्थित निजी अस्पताल में दाखिल है। पीड़ित के बयान के आधार पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक नाहर सिंह सेवानिवृत्त फौजी हैं। बादशाहपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में उनका खाता है। नाहर सिंह फिलहाल खेती करते हैं और उन्होंने अपनी कमाई से चार एफडी बैंक में कराई हुई थीं।
विज्ञापन
शिकायत के मुताबिक उनके मोबाइल में 21 नवंबर को अचानक सिम ने काम करना बंद कर दिया। इस पर उन्होंने नया कनेक्शन ले लिया। नए मोबाइल कनेक्शन का नंबर बैंक में पंजीकृत नहीं था। इस दौरान उनके बाजरे की फसल की रकम बैंक खाते में आने वाली थी।
वह 25 नवंबर को बैंक गए और पासबुक अपडेट कराई। पासबुक अपडेट कराने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई जब उन्हें पता चला कि उनका खाता तो पूरी तरह खाली है। उन्हें पता चला कि उनकी तीन एफडी 20 लाख, 19 लाख और 1 लाख 13 हजार 160 रुपये को तोड़कर किसी ने दूसरे खाते में रकम ट्रांसफर कर ली है जबकि एफडी का सर्टिफिकेट उनके घर पर रखा हुआ था।
जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि जालसाज ने करीब 58 हजार की चौथी एफडी भी तोड़ ली लेकिन रकम उनके खाते से ट्रांसफर नहीं हुई थी। उन्होंने तुरंत बैंक प्रबंधन को शिकायत देकर खाता फ्रीज करा दिया।
परिजनों का आरोप है कि बैंक प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई मदद नहीं करने से 28 नवंबर को बुजुर्ग फौजी को लकवा आ गया। उनके बेटे ने बताया कि उन्हें तुरंत रेवाड़ी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। बादशाहपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।