महंगा पड़ा सड़क पर चूहा छोड़ना: शख्स ने बेटों संग की युवक की जमकर पिटाई, बोले- फिर किया तो जान से मार देंगे
मारपीट की पूरी वारदात सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में उपचार कराया। जहां रिपोर्ट में पांच चोटें लगने की जानकारी मिली।
विस्तार
गुरुगाम सेक्टर-40 में रहने वाले युवक को सड़क पर चूहा छोड़ना महंगा पड़ गया। युवक को पड़ोस में रहने वाले पिता पुत्रों ने मारपीट करके घायल कर दिया। पूरी वारदात सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। पीड़ित युवक ने मारपीट को लेकर सेक्टर-40 थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
जान से मारने की धमकी दी
अर्बन एस्टेट सेक्टर-40 निवासी राकेश चुटानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे उसने पिंजरे में बंद एक चूहे को सड़क पर छोड़ा था। इस पर पड़ोस में रहने वाले बीके भारद्वाज ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर गला पकड़कर मारपीट की। पड़ोसी पिता-पुत्र ने पीड़ित युवक को भविष्य में सड़क पर चूहा छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दी है।
मारपीट की पूरी वारदात सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में उपचार कराया। जहां रिपोर्ट में पांच चोटें लगने की जानकारी मिली।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। जांच अधिकारी पुरुषोत्तम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।