{"_id":"5e613aaf8ebc3ec54b2cf96d","slug":"corona-paytm-office-closed-for-15-days-gurgaon-news-noi49670025","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोरोनावायरसः कर्मचारी में संक्रमण की पुष्टि के बाद गुरुग्राम पेटीएम कार्यालय 15 दिनों के लिए बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कोरोनावायरसः कर्मचारी में संक्रमण की पुष्टि के बाद गुरुग्राम पेटीएम कार्यालय 15 दिनों के लिए बंद
Fri, 06 Mar 2020 04:47 AM IST
नोएडा ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
Published by: नोएडा ब्यूरो
Updated Fri, 06 Mar 2020 04:47 AM IST
विज्ञापन
पेटीएम का खाली दफ्तर
- फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-54 स्थित पेटीएम कंपनी के एक कर्मचारी में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद जिले लोगों में कोरोना का भय और बढ़ गया है। पेटीएम कंपनी के कर्मचारी में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद शहर की ही एक निजी कंपनी में कार्यरत उनकी पत्नी में भी कोरोना के संदिग्ध लक्षण देखने को मिले हैं, जिससे सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन
जिला स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दंपती छुट्टियां मनाने के लिए इटली गए हुए थे। वहां से लौटने के बाद सबसे पहले पेटीएम कर्मचारी में कोरोना के लक्षण दिखे, जिसमें जांच के बाद कोरोना की पुष्टि हो गई। वहीं बाद में उनकी पत्नी में भी कोरोना के लक्षण देखने को मिले हैं, जिनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, ब्लैकरॉक कंपनी में कार्यरत महिला में कोरोना की पुष्टि होने की आशंका है। सूत्रों के मुताबिक, एक कर्मचारी में कोरोना की पुष्टि होने के बाद सेक्टर-54 स्थित पेटीएम कार्यालय 15 दिनों के लिए अस्थाई तौर पर बंद करा दिया गया है।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि जिला स्वास्थ्य विभाग कोरोना को लेकर काफी सतर्कता बरत रहा है, जिसके तहत शासकीय व निजी अस्पतालों में आने वाले मरीजों में कोरोना के संदिग्ध लक्षण दिखने पर उनकी तत्काल प्राथमिक जांच की जा रही है। वहीं, गंभीर लक्षण दिखने वाले मरीजों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है।
एक ही परिवार के आधा दर्जन लोगों के लिए गए सैंपल
खास बात यह है कि अधिकांश मामलों में विदेश से आने वाले लोगों के जरिए कोरोना वायरस अन्य लोगों में फैलने की बात सामने आ रही है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को पालम विहार स्थित एक निजी अस्पताल में भी करीब आधा दर्जन मरीजों से सैंपल लिए गए। नाम न छापने की शर्त पर अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मलयेशिया से घूमकर आए एक दंपती में कोरोना के संदिग्ध लक्षण देखे जाने पर दोनों से सैंपल लिए गए।
बाद में उनके परिवार के अन्य सदस्यों में भी सर्दी-जुखाम के लक्षण नजर आने पर उनसे भी सैंपल ले लिया गया है। हालांकि, अभी जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं, जिला स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों को बृहस्पतिवार को दोबारा निर्देश जारी कर कोरोना के सभी संदिग्ध मरीजों की जानकारी देने को कहा है।