{"_id":"3c6d18ee0beba10b6d2e750d9cf5670f","slug":"ground-report-jat-reservation-movement-is-in-awe-of-the-city-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्राउंड रिपोर्ट: जाट आरक्षण आंदोलन से खौफ में है शहर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्राउंड रिपोर्ट: जाट आरक्षण आंदोलन से खौफ में है शहर
ब्यूरो / अमर उजाला, गुड़गांव
Updated Sun, 21 Feb 2016 05:33 PM IST
विज्ञापन
आरक्षण की मांग को लेकर जाटों के आंदोलन से अब शहरवासी खौफजदा हैं। रविवार को शहर में सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे थे। जिसे अधिक जरूरत थी, वही सड़कों पर दिखे।
विज्ञापन
शहर की लाइफ लाइन शेयरिंग ऑटो और हरियाणा रोडवेज की बसें गायब रहीं। आमतौर पर रविवार को हाउसफुल रहने वाले मॉल्स में भी लोगों की संख्या कम रही।
जिन्हें बाहर कहीं जाना जरूरी था वे आंदोलन के डर से सेक्टरों और मोहल्लों की गलियों से रास्ता तलाशते रहे। अमर उजाला संवाददाता शाहनवाज आलम और फोटो जर्नलिस्ट दिनेश कुमार ने शहर का जायजा लिया। पेश है ग्राउंड रिपोर्ट:
विज्ञापन
दौलताबाद फ्लाईओवर
जाट आरक्षण की मांग कर रहे आंदोलनकारी सुबह से ही डट गए थे। सूरत नगर के पास पुल जाम करने के बाद वहां से आने जाने वाले लोग परेशान रहे। गलियों से निकलकर किसी तरह रेलवे ट्रैक पार करने के लिए जुझते रहे। सूरत नगर से निकलकर मेदांता अस्पताल पहुंचने के लिए एक परिवार विनती करता रहा, लेकिन आंदोलनकारियों ने जाने नहीं दिया।
विज्ञापन
अतुल कटारिया चौक
जाट आरक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले यह इलाका पूरा जाम है। शहर के चारों तरफ जोडने वाली यह सड़क पर जाट आंदोलनकारी पुरुष और महिला जुटे हुए है और आरक्षण की पक्ष में नारे लगा रहे हैं। आंदोलनकारियों ने ट्रैक्टर, ऑटो और ट्रॉली रखकर रोड जाम कर दिया।
गुडग़ांव रेलवे स्टेशन
बसई-धनकोट रेलवे स्टेशन पर आगजनी की घटना होने के बाद यहां पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। हथियार और डंडा लिए हुए रेलवे पुलिस के जवाब स्टेशन के आसपास चेकिंग कर रहे हैं। टिकट काउंटर बंद है। ट्रेन पकडने वाले लोग यहां से मायूस होकर लौट रहे हैं, लेकिन इन्हें जानकारी देने वाला कोई नहीं है। स्टेशन अधीक्षक जगदीश प्रसाद का कहना है कि हरियाणा के दूसरे जिलों में उग्र आंदोलन की वजह से दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर रूट की ट्रेन रद्द कर दी गई हैं, कुछ ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। शनिवार सुबह 11.00 बजे के बाद से कोई ट्रेन इस ट्रैक पर नहीं चली हैं।
गुडग़ांव बस स्टैंड
बस स्टैंड के अंदर सन्नाटा पसरा है। सभी सिटी बसों को रोडवेज ने एक लाइन से खड़ा कर दिया है। जबकि लंबी रूटों की रोडवेज बसों और वोल्वो बसों को बस डिपो में सुरक्षित कर दिया गया है। दिल्ली से आने वाली बसें भी जाम की वजह से बॉर्डर से लौट रही हैं। बल्लभगढ़ और बहादुरगढ़ के लिए एक-दो प्राइवेट बसें चल रही हैं। जबकि यहां दूसरे शहर जाने वाले यात्री अपनी गाडिय़ों के इंतजार में बैठकर जाट आंदोलन को कोस रहे हैं।
एमजी रोड के मॉल
जाट आंदोलन का असर एमजी रोड पर भी दिख रहा है। हमेशा और खासतौर पर छुट्टी के दिन रविवार को गुलजार रहने वाले मॉल्स में भी लोगों की संख्या कम है। जो भी यहां पहुंच रहा है, वो डीएलएफ या आसपास के सोसाइटी के रहने वाले हैं। जबकि यहां पर रविवार को युवाओं की भीड़ रहती थी।