ईयरफोन लगाकर ट्रैक पर बैठ यू-ट्यूब वीडियो देख रहे दो भाइयों समेत तीन कटे, हॉर्न बजाता रहा चालक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर बैठे तीन युवकों की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई और एक उनका मित्र है। हादसा गुरुवार रात लगभग साढ़े आठ बजे हुआ। तीनों युवक ईयरफोन लगाकर यू-ट्यूब पर वीडियो देख रहे थे।
हादसे के बाद कुछ दूर जाकर मालगाड़ी रुक गई और चालक ने रेलवे अधिकारी और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने तीनों के क्षत-विक्षत शवों का अंतिम संस्कार रात में ही कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, दादरी के बोड़ाकी गांव निवासी घनश्याम के बेटे जीतू और दीपक शाम को खाना खाकर घर से निकले थे। दोनों गांव निवासी साथी सुरजीत प्रजापति के बेटे सोनू के साथ घर से कुछ दूर स्थित रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गए।
तीनों ईयरफोन लगाकर यू-ट्यूब पर वीडियो देखने लगे। इसी दौरान दनकौर की ओर से आ रही मालगाड़ी के चालक ने तीनों को ट्रैक पर बैठा देख लिया। उसने तेज हॉर्न बजाया, लेकिन कान में ईयरफोन लगे होने और तीनों का ध्यान मोबाइल में होने से वह न मालगाड़ी की लाइट देख पाए और न ही हॉर्न सुन पाए।
मालगाड़ी रोकने का किया बहुत प्रयास लेकिन...
बताया जा रहा है चालक ने मालगाड़ी रोकने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तीनों युवकों के पास पहुंचने तक मालगाड़ी खड़ी नहीं हो सकी और दर्दनाक हादसा हो गया। जीतू और दीपक पढ़ते थे, जबकि सोनू वाहन चलाता था।
बोड़ाकी में एक साथ पहली बार जलीं तीन चिताएं
ग्रामीणों ने बताया कि बोड़ाकी गांव में हादसे के बाद से ही मातम छा गया। परिवार की महिलाएं विलाप करने लगीं और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने बिना पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम के तीनों के शवों का अंतिम संस्कार किया। ग्रामीणों का कहना था कि पहली बार गांव में एक साथ तीन चिताएं जल रहीं हैं।