इंजेक्शन लगाते ही लड़की की मौत, अस्पताल में बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के गोकलपुरी इलाके के मुस्ताबाद स्थित एक चैरिटेबल अस्पताल में मंगलवार रात 17 वर्षीय किशोरी की मौत होने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल में तोड़फोड़ की।
परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाया और किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार सबीला(17) सपरिवार पुराना मुस्ताबाद में रहती थी। उसके पिता ताजदार सिद्दकी के मुताबिक गत 4 सितंबर को सबीला के पेट में दर्द होने पर उसे मुस्तफाबाद गली संख्या 7 स्थित अर्थ चैरिटेबल ट्रस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज होने के बावजूद उसके हालात में कोई सुधार नहीं हो रहा था।
डॉक्टरों ने बताया कि उसके पसलियों में पानी भर गया है, जिसे निकालना होगा।
क्या गलत इंजेक्शन ने ली जान?
मंगलवार को डॉक्टरों ने उसकी पसलियों से पानी निकालने के बाद एक इंजेक्शन लगाया। उसके बाद से सबीला की हालत खराब होने लगी और रात आठ बजे उसकी मौत हो गई। सबीला के मरने के बाद अस्पताल के डॉक्टर फरार हो गए।
मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार वालों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और फिर अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोकलपुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत करवाया और सबीला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सबीला के मौत के कारणों का खुलासा होने पर इस बाबत मामला दर्ज किया जाएगा।