UP: करंट लगने से दो चचेरे भाइयों की मौत, पहले मंजिल से नहाकर नीचे उतर रहे थे दोनों
नहाने के बाद अभिषेक और तरुण सीढ़ियों से नीचे उतर कर आए। जब वह भूतल पर पहुंचे तो अचानक करंट की चपेट में आ गए। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले उन्होंने मकान की बिजली काट दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के बुर्ज उस्मान मोहल्ला में शुक्रवार शाम को मकान की तराई करते वक्त दो चचेरे भाई करंट की चपेट में आ गए। इसमें दोनों भाइयों की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। घटना के बाद से मोहल्ले में मातम पसर गया है।
मोहल्ला बुर्ज उस्मान निवासी सूरज भान गोल गप्पे की ठेली लगाता है। सूरज भान ने बताया कि उसके मकान में भूतल पर कमरे बने हुए थे। अभी प्रथम तल पर नए कमरे बन रहे थे। शुक्रवार शाम को परिवार के लोग घर के बाहर बैठे हुए थे। सूरजभान का बेटा अभिषेक (23) ऊपर प्रथम तल पर बने नए कमरों की पाइप लगाकर पानी से तराई कर रहा था। वहीं पड़ोस में रहने वाले सूरजभान के छोटे भाई रामवीर का 14 वर्षीय बेटा तरुण भी वहां आ गया।
दोनों भाई तराई करके पानी में ही नहाने लगे। इस दौरान मकान के जाल और सीढ़ियों से कुछ पानी भूतल पर आ गया था। नहाने के बाद अभिषेक और तरुण सीढ़ियों से नीचे उतर कर आए। जब वह भूतल पर पहुंचे तो अचानक करंट की चपेट में आ गए। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले उन्होंने मकान की बिजली काट दी।
इसके बाद दोनों भाइयों को लेकर जटिया अस्पताल पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने अभिषेक और तरुण को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिवार और अत्याधुनिक उपचार की मांग करने लगा और दोनों को कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां भी चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित सूरजभान का कहना है कि जानकारी नहीं है कि मकान में करंट कहां से आया। वहीं सीओ खुर्जा वरुण कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। अस्पताल में पुलिस टीम को जानकारी लेने को भेजा था। परिजन पुलिस कार्रवाई से इन्कार कर रहे हैं।