{"_id":"677e9792aad83e44a20d582b","slug":"robbery-in-businessman-house-after-taking-an-old-couple-hostage-kavi-nagar-2025-01-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"गाजियाबाद में डकैती: कारोबारी के घर में घुसे बदमाश, गले पर चाकू रखा और अलग-अलग कमरों में बंधक बनाकर की वारदात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गाजियाबाद में डकैती: कारोबारी के घर में घुसे बदमाश, गले पर चाकू रखा और अलग-अलग कमरों में बंधक बनाकर की वारदात
Wed, 08 Jan 2025 08:51 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
Published by: अनुज कुमार
Updated Wed, 08 Jan 2025 08:51 PM IST
सार
कवि नगर में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर घर में डकैती की सनसनी वारदात सामने आई है। आरोपी का फोटो भी सामने आ गया है। नौकर समेत पांच से छह अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
विज्ञापन
बंधक बनाकर लूटने का आरोपी नौकर और पीड़ित परिवार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शहर की पाॅश कालोनी कविनगर के ए ब्लाॅक में मंगलवार की रात करीब नौ बजे बदमाशों ने स्टील कारोबारी रामदास गुप्ता (78) और उनकी पत्नी सुमित्रा गुप्ता को बंधक बनाकर 1.05 करोड़ का डाका डाला। नकाबपोश बदमाशों ने दंपती के गले पर चाकू लगाकर उनसे चाबी हासिल की। इसके बाद 40 मिनट तक अलमारियों को खंगालकर इत्मिनान से लूटपाट की। बदमाश जाते समय कोठी के मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर गए।
विज्ञापन
रामदास गुप्ता की विजयनगर में श्रीनाथ स्टील नाम से फैक्टरी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह और उनकी पत्नी टीवी देख रहे थे, तभी दो नकाबपोश बदमाश आए। एक ने उनके नौकर चंदन का नाम लिया। उनके सामने ही बदमाश ने चंदन से फोन पर बात भी की। बदमाशों के आने से एक घंटा पहले ही चंदन कोठी से चला गया था। उन्हें पूरा यकीन है कि चंदन ने ही यह वारदात कराई है।
विज्ञापन
कारोबारी ने बताया कि बदमाशों के जाने के एक घंटे बाद वह और पत्नी कमरे से बाहर आए और गार्ड विष्णु के कमरे में गए। वह वहां नहीं था। नौकर चंदन का कमरा देखा। वहां विष्णु था। उसके हाथ उसके ही मफलर से बंधे थे। उसके हाथ खोलकर पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
कलक्ट्रेट से 200 मीटर और कविनगर थाने से महज 700 मीटर की दूरी पर पड़ी इस डकैती की एफआईआर में कारोबारी ने नौकर चंदन को नामजद कराया है। अन्य बदमाश अज्ञात में है। कारोबारी ने बताया कि बदमाश 80 लाख के हीरे के गहने और 25 लाख नकदी लूट ले गए। घटना के बाद से कविनगर के लोग दहशत में है। 24 घंटे बीत जाने के बाद बुधवार की रात तक पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई।
कारोबारी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों का पता लगाने के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। नौकर के बारे में भी जानकारी की जा रही है। - अभिषेक श्रीवास्तव, एसीपी कविनगर