{"_id":"594967b24f1c1bbc468b4743","slug":"rain-pours-corporation-s-poll","type":"story","status":"publish","title_hn":"बारिश ने खोली निगम की पोल, जलभराव से शहर बेहाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बारिश ने खोली निगम की पोल, जलभराव से शहर बेहाल
अमर उजाला ब्यूरो गाजियाबाद
Updated Tue, 20 Jun 2017 11:51 PM IST
विज्ञापन
बारिश ने खोली
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उमस भरी भीषण गर्मी के बाद सोमवार देर रात हुई झमाझम बारिश से जहां मौसम खुशगवार हो गया, वहीं जलभराव से शहरवासियों को मंगलवार पूरे दिन परेशानी झेलनी पड़ी। झमाझम बारिश से नगर निगम के इंतजाम की पोल खोल दी। हालत यह रही कि निगम मुख्यालय के सामने ही सड़कें पानी से लबालब हो गईं।
विज्ञापन
इसके अलावा गोशाला अंडरपास, नवयुग मार्केट, कैला भट्ठा, नेहरू नगर समेत अधिकांश क्षेत्रों में जबरदस्त जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि कृषि वैज्ञानिक खेती के लिए बारिश को फायदेमंद बता रहे हैं।
विज्ञापन
सोमवार रात करीब 11 बजे पहले आंधी-तूफान शुरू हुआ और फिर थोड़ी ही देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते कई स्थानों पर होर्डिंग गिर गए। हालांकि किसी को चोट नहीं आईं। कई घंटे चली बारिश से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव हो गया। मंगलवार सुबह फिर से बारिश शुरू हुई तो नाले फिर उफनने लगे।
विज्ञापन
नवयुग मार्केट में ड्रेनेज सिस्टम न होने की वजह से नगर निगम मुख्यालय के बाहर ही जबरदस्त जलभराव हो गया। पुराने गाजियाबाद क्षेत्र से लाइनपार क्षेत्र को जोड़ने वाला गोशाला अंडरपास भी पानी से लबालब भर गया। कई दोपहिया वाहन और ऑटो पानी में फंस गए, जिन्हें लोगों ने धक्का लगाकर बाहर निकाला।
यही नहीं, नेहरू नगर, अशोक नगर, संजय नगर, पटेल नगर, कैला भट्ठा, इस्लाम नगर, विजयनगर, बागू, क्रिश्चियन नगर, डूंडाहेड़ा, लाल क्वार्टर समेत अधिकांश क्षेत्रों में जलभराव हो गया। बारिश रुकने के करीब तीन घंटे बाद पानी उतरा तो लोगों ने राहत की सांस ली।
अभी मौसम रहेगा कूल
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद मंगलवार को अधिकतम तापमान लुढ़क कर 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार को भी बारिश होने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
..
आंधी-बारिश से कई कालोनियों की गुल रही बिजली
सोमवार रात को आई आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था पर भी खासा असर डाला। आंधी के चलते तार टूटने के कारण विभिन्न क्षेत्रों में चार से छह घंटे बिजली गुल रही। सबसे ज्यादा परेशानी लोहिया नगर व अटौर के लोगों को झेलनी पड़ी। फॉल्ट ठीक नहीं होने के कारण इन दोनों क्षेत्रों में रातभर बिजली गुल रही।
साथ ही गांधीनगर, नेहरू नगर, शास्त्रीनगर, चिरंजीव विहार, गोविंदपुरम, नंदग्राम, पटेल नगर में भी दो से तीन घंटे बिजली कटौती रही। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के चलते भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
तहसील दिवस में पहुंचे लोगों को हुई परेशानी
रात भर हुई बारिश की वजह से नेहरू नगर सामुदायिक केंद्र में पानी भर गया। मंगलवार को यहां तहसील दिवस का आयोजन हुआ जबकि पानी और कीचड़ की वजह से तहसील दिवस में पहुंचे फरियादियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तहसील दिवस में पहुंचे स्थानीय अधिकारियों को भी गाड़ी पार्किंग की समस्या हुई।
पूरे मैदान में पानी और कीचड़ जमा हुआ था जिसकी वजह से परिसर के अंदर स्थित सामुदायिक भवन तक पहुंचने में परेशानी हुई। पानी और कीचड़ की वजह से गाजियाबाद तहसील दिवस में पहुंचने वाले फरियादियों की संख्या भी कम रही।
जलभराव से लगा जाम
जलभराव के चलते मंगलवार शहर में जगह-जगह जाम भी लग गया। इसकी वजह से वाहन चालकों को दिक्कत झेलनी पड़ी। मंगलवार को पुराने बस अड्डे, नवयुग मार्केट, मेरठ रोड, मोहन नगर, नया बस अड्डा, अंबेडकर रोड, जीटी रोड, घंटाघर पर जाम लगा रहा। इस दौरान सड़क के दोड़ों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई।
सुबह नौ बजे से ही जाम लग जाने की वजह से नौकरीपेशा लोगों को ज्यादा परेशानियां झेलनी पड़ी। वह समय से ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाए।
नगर निगम बनाएगा क्विक रिएक्शन टीम
ज्यादा बारिश की संभावना को देख नगर निगम जलभराव वाले क्षेत्रों में खास इंतजाम करेगा। नगर निगम क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) बनाएगा। इन टीमों को पानी निकालने के लिए संपवेल, पंप, पाइप आदि दिए जाएंगे। पानी जमा होने पर निगम की यह टीमें तत्काल मौके पर पहुंचेगी और पानी निकालेगी।
महापौर अशु वर्मा ने बताया कि नगरायुक्त से वार्ता कर जल्द ही प्रत्येक जोन में एक-एक क्यूआरटी का गठन किया जाएगा। एक टीम में तीन से पांच लोगों को रखा जाएगा।