हैवान पति: बोला- शादी के 44 साल बाद भी कहना नहीं मानती थी, इस जिद पर चाकू से गोद दिया, डेढ़ महीने पहले तोड़ी थी टांग
नंदग्राम थाने पहुंचे एक व्यक्ति के हाथ में खून से सना चाकू देख पुलिसवाले दंग रह गए। इसके बाद बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस आरोपी को लेकर उसके घर पहुंची, जहां उसके बेटों ने हैवान बाप की हर करतूत का पर्दाफाश किया।
विस्तार
मैं अपनी पत्नी का खून करके आया हूं, मुझे जेल भेज दो, 44 साल से क्लेश चल रहा था, आज खत्म कर दिया... मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे नंदग्राम थाने पहुंचे 65 साल के अब्दुल रऊफ ने खून से सना चाकू दिखाते हुए यह कहा तो पुलिसवाले भौचक्के रह गए। पुलिस उसे साथ लेकर हिंडन विहार में उसके घर पहुंची तो पता चला कि उसने चाकू से पांच वार कर 62 साल की पत्नी रईसा को लहूलुहान कर दिया है। बेहद गंभीर हालत में बेटों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
मूलरूप से बागपत के लुहारी सराय के निवासी रऊफ ने पुलिस पूछताछ में बताया, शादी के 44 साल बाद भी रईसा मेरा कहना नहीं मानती, मायके वालों के कहने पर चलती है। सुबह करीब दस बजे मायके जाने की जिद करने लगी, मना करने पर भी नहीं मानी तो उसे चाकू से गोद दिया। मरा समझकर छोड़ा था, पता नहीं कैसे बच गई।
पत्नी पर पांच वार किए गए- पुलिस
पुलिस ने बताया कि रईसा पर पांच वार किए गए। दो गर्दन और तीन पेट में। बेटे इरफान ने रईसा को पटेलनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। इरफान ने ही पिता के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में केस दर्ज कराया है। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अब्दुल रऊफ और रईसा के तीन बेटे और चार बेटियां हैं। सातों की शादी हो चुकी है। बेटे ही मजदूरी करके परिवार चला रहे हैं। रऊफ अब काम नहीं करता है। बेटों ने बताया कि डेढ़ महीने पहले भी अब्बा और अम्मी में झगड़ा हुआ था। अब्बा ने अम्मी की टांग तोड़ दी थी। अम्मी ने पुलिस में शिकायत करने से मना किया था।
रईसा के भाई फरियाद अली का कहना है कि अब्दुल रऊफ काफी समय से नशे का आदी है। नशा करने के लिए वह रईसा से रुपये मांगता था, न मिलने पर भी झगड़ा करता था। इससे परेशान होकर वह कई बार मायके आकर भी रही लेकिन वह समझौता करके वापस ले जाता था।