लक्ष्मी मेहरबान तो किसी पर सरस्वती की कृपा
गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे करीब 20 प्रत्याशियों पर लक्ष्मी मेहरबान हैं। इन पर करोड़ों की बेशुमार दौलत हैं। जिले की पांचों विधानसभा सीटों को अगर देेखें तो गाजियाबाद सदर सीट से भाजपा से चुनाव लड़ रहे अतुल गर्ग सबसे अमीर हैं, उनके पास 18 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। दूसरे नंबर पर साहिबाबाद से सपा से उम्मीदवार अमरपाल शर्मा 15 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं।
शिक्षा की बात करें तो भाजपा के तीन उम्मीदवार साहिबाबाद से सुनील शर्मा, मुरादनगर से अजित पाल त्यागी और लोनी से नंद किशोर गुर्जर विधि स्नातक हैं। मोदीनगर की डॉ. मंजू सिवाच डॉक्टर हैं और सदर विधायक अतुल गर्ग बीकॉम हैं। बसपा से मोदीनगर प्रत्याशी डॉ. पूनम गर्ग भी डॉक्टर हैं। सपा सदर प्रत्याशी विशाल वर्मा बीए एलएलबी हैं। भाजपा से बागी बनकर गाजियाबाद सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे आशुतोष गुप्ता डेढ़ करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। उन्होंने अर्थशास्त्र में पीएचडी की है। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद साहिबाबाद से निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं सपना बंसल एमबीए और पीएचडी हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। वह एक करोड़ 43 लाख की संपत्ति की मालकिन हैं। निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मुरादनगर से चुनाव लड़ रहे 71 वर्षीय नत्थू सिंह एमए एलएलबी हैं और बैंक से रिटायर हैं। वे तीन करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं।
पांच साल में नौ करोड़ से 18 करोेड़ संपत्ति के मालिक बने अतुल गर्ग
पांच साल पहले मंत्री अतुल गर्ग की कुल चल अचल संपत्तियों की कीमत करीब नौ करोड़ रुपये थी। वहीं मौजूदा समय में वह 18 करोड़ संपत्ति के मालिक हैं। उनके द्वारा 2017 के चुनाव में दिए गए शपथ पत्र में अचल संपत्ति की कीमत 7 करोड़ 27 लाख रुपये दर्शाई गई थी।
दोगुना हुई नंदकिशोर की संपत्ति
2017 में लोनी से भाजपा विधायक ने जब पर्चा भरा तो संपत्ति की कीमत करीब 66 लाख रुपये दर्शाई थी, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए जो शपथपत्र दाखिल किए हैं, उसके मुताबिक उनकी संपत्ति की कीमत अब एक करोड़ 32 लाख रुपये दर्शायी है।
------
डॉ. मंजू सिवाच की संपत्ति में करीब एक करोड़ का इजाफा
मोदीनगर से भाजपा प्रत्याशी डॉ. मंजू सिवाच के पास 2017 में पांच करोड़ 45 लाख की संपत्ति थी, मौजूदा समय में उनके पास करीब छह करोड़ 21 लाख की संपत्ति है।
---------
अजित पाल की संपत्ति भी दोगुना बढ़ी
मुरादनगर से भाजपा प्रत्याशी विधायक अजित पाल त्यागी की संपत्ति की कीमत 2017 में करीब छह करोड़ थी। मौजूदा समय कीमत में तीन करोड़ का इजाफा हुआ है। शपथपत्र के मुताबिक मौजूदा समय में उनकी संपत्ति की कीमत करीब आठ करोड़ 91 लाख हो गई है।
---------
सुनील शर्मा पांच साल पहले लखपति थे अब करोड़पति
साहिबाबाद से भाजपा प्रत्याशी विधायक सुनील शर्मा पांच साल पहले 2017 में 85 लाख की संपत्ति के मालिक थे, लेकिन अब उनके पास दो करोड़ से अधिक की संपत्ति है। इनकी संपत्ति की कीमत में दोगुना से अधिक इजाफा हुआ है।
--------
अमरपाल 12 से 15 करोड़ के हुए मालिक
पांच साल पहले 2017 में अमरपाल शर्मा ने साहिबाबाद विधानसभा सीट से कांग्रेस से पर्चा भरा था। तब उनके पास करीब 12 करोड़ की संपत्ति थी। इस बार वह सपा से मैदान में हैं। उन्होंने जो हलफनामा दिया है उसके मुताबिक अब उनके पास करीब 15 करोड़ की संपत्ति है।
-----------
सबसे कम उम्र की हैं निर्दलीय प्रत्याशी अनिता, सबसे अधिक उम्र के नत्थू सिंह
साहिबाबाद से निर्दल प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरी अनिता यादव 8वीं पास हैं और उनकी उम्र 25 वर्ष है। वह केवल चार लाख की संपत्ति की मालिक हैं। वहीं मुरादनगर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में ताल ठोक रहे नत्थू सिंह बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। अपनी उम्र के सात दशक पार कर चुके नत्थू सिंह एमए एलएलबी हैं और करीब साढ़े तीन करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। मुरादनगर और मोदीनगर सीट से पब्लिक पोलिटिकल पार्टी से चुनाव लड़ रहे 63 वर्षीय वीरेंद्र कुमार सीपीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं और एक करोड़ 80 लाख की संपत्ति के मालिक हैं।
------------
25 से 30 वर्ष की उम्र के प्रत्याशी 10 फीसदी
30 से 40 के बीच 20 फीसदी
40 से 60 के बीच 60 फीसदी
60 से 71 10 फीसदी
-------------