बैग में 20 कछुए ले जा रहे तस्कर को पीएफए ने पकड़ा
साहिबाबाद। पीपुल फॉर एनिमल की टीम ने बृहस्पतिवार को श्याम पार्क मेट्रो स्टेशन के पास से बैग में 20 कछुए ले जा रहे तस्कर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि युवक कछुए को दुकानों पर बेचने के लिए जा रहा था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पीएफए की क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरभि रावत ने पुलिस को शिकायत दी है।
सुरभि रावत ने बताया कि टीम के सदस्य अभिषेक शर्मा और पराग चतुर्वेदी को कछुए बेचने की सूचना मिली थी। राजेंद्र नगर की तरफ से आ रहे एक युवक को श्याम पार्क मेट्रो स्टेशन के पास पकड़ लिया। उसके पास से बैग में 20 कछुए बरामद हुए जो इंडियन टेंट टरटल प्रजाति के थे। इनकी खरीद-फरोख्त करना सख्त अपराध है। पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान गुलाब निवासी दिल्ली के रूप में हुई। पीएफए के सदस्यों ने कछुओं के बारे में वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचित कर दिया। साहिबाबाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी से कछुओं के बारे में पता किया जा रहा है।