दोस्ती का कत्ल: संजीव के हिस्से का कूड़ा उठा लेता था इमरान, कई बार हुआ विवाद, शराब के नशे में रेत दिया गला
आरोपी संजीव ने बताया कि इमरान अक्सर उसके हिस्से का कूड़ा उठा लेता था। पांच मार्च की रात झगड़ा होने पर वह गाली-गलौज कर मारपीट करने लगा तो उसने बोतल से उसका गला काटकर हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया।
विस्तार
गाजियाबाद में शराब के नशे में विवाद होने पर संजीव उर्फ सुमित कुमार ने अपने दोस्त विजयनगर निवासी इमरान की हत्या कर दी। पांच मार्च की रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान संजीव उर्फ सुमित कुमार ने इमरान का गला बोतल के कांच से रेत दिया था। हत्या के बाद उसका शव सिहानी गेट क्षेत्र में ऑपुलेंट मॉल के पास नाले में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी अपने बाल काटकर पहचान छिपाकर पुलिस से बचता रहा। पुलिस ने मामले में छानबीन कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी संजीव उर्फ सुमित कुमार बिहार के मधुबनी का रहने वाला है। हाल में वह नासिरपुर में रह रहा था। छह मार्च की सुबह नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। उसकी पहचान विजयनगर निवासी इमरान के रूप हुई। वह अपने छोटे भाई के परिवार के साथ रहता था और नशे का आदी था। उसका पोस्टमार्टम कराया गया तो रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। उसका गला रेता गया था।
इसका खुलासा करने के लिए टीमें लगाई गईं। जहां से शव बरामद हुआ वहां के सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो कुछ दूरी पर इमरान एक व्यक्ति के साथ दिखाई दिया। जिसमें दोनों झगड़ते हुए नजर आ रहे थे। इमरान के परिजनों ने ही उसके साथ के व्यक्ति की पहचान की तो पता चला वह संजीव उर्फ सुमित है। पुलिस ने संजीव को पकड़कर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया।
कूड़ा उठाने के लिए हुआ था झगड़ा
पूछताछ में संजीव ने बताया कि इमरान अक्सर उसके हिस्से का कूड़ा उठा लेता था। इस बात पर उनका पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है। पांच मार्च की रात झगड़ा होने पर वह गाली-गलौज कर मारपीट करने लगा तो उसने उस पर बोतल से उसका गला काटकर हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया।
बाल काटकर पहचान छिपाने का किया प्रयास
पांच मार्च की वीडियो फुटेज में संजीव जब इमरान के साथ दिखाई दिया उस समय संजीव के सिर पर बाल थे। पहचान के बाद पुलिस जब संजीव की तलाश में जुटी को उसके बाल कटे मिले। पूछताछ में पता चला कि उसने पुलिस से बचने के लिए पहचान छिपाने के बाल काट दिए थे।