सिक्योरिटी कंपनी बदलवाने को सोसायटी में चले लाठी-डंडे
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक की महागुन मेस्कॉट सोसायटी में मेंटेनेंस कंपनी को बदलने पर विवाद हो गया। बृहस्पतिवार दोपहर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष का आरोप है कि बाउंसर ने गार्ड के साथ मारपीट की जबकि दूसरे पक्ष का आरोप है कि चुनाव रद्द होने के बावजूद पुरानी एओए के पदाधिकारी बिना लोगों की सहमति के काम कर रहे हैं। जिसका विरोध किया गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोसायटी में कुछ समय पहले एओए के चुनाव के बाद उसकी शिकायत पर उसे रद्द कर दिया गया और दोबारा चुनाव करवाने के लिए कहा गया था। जिस कारण विवाद चल रहा था। पुरानी एओए के अध्यक्ष निशांत जोशी ने बताया कि चुनाव रद्द होने के बाद उनकी टीम अगले चुनाव होने तक काम को संभाल रही है। इस दौरान मेंटनेस कंपनी सीएसके से कुछ फंड की डिटेल नहीं देने पर उसे बदला जा रहा है, जिस पर विवाद किया गया। दूसरी तरफ नई एओए की तरफ से अरुण वाजपेई ने कहा कि चुनाव के रद्द करने के बाद पुरानी एओए जो चार साल से चुनाव नहीं करवा रही थी वह कैसे काम देख सकती है। मेंटेनेस कंपनी के प्रबंधक उपेंद्र सिसोदिया ने बताया कि उनका भुगतान रोका गया है और बिना कारण हटाने की बात की गई। बृहस्पतिवार दोपहर कुछ बाउंसर बुलाकर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई। सीओ प्रथम अंशु जैन ने बताया कि सोसायटी में मेंटेनेंस कंपनी बदलने के लिए विवाद हो रहा था। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।