'समाधान दिवस को बना रखा है नौटंकी': मंडलायुक्त ने SDM-तहसीलदार को लगाई फटकार, गड़बड़ी देख फील्ड पर भेजा; Video
मंडलायुक्त ने एसडीएम सदर को आदेश दिया कि रजिस्टर में जितने भी सी केटेगरी की शिकायतें हैं टीम भेजकर मौके पर निरीक्षण कराएं और उसकी रिपोर्ट शाम तक भेजी जाए।
विस्तार
मंडलायुक्त भानूचंद्र गोस्वामी ने एसडीएम सदर, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को फटकार लगाते हुए कहा कि आप लोगों ने संपूर्ण समाधान दिवस को नौटंकी बना रखा है।
मंडलायुक्त शनिवार को नेहरू नगर स्थित सामुदायिक भवन में चल रहे संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। शिकायत रजिस्टर और उसके निस्तारण की रिपोर्ट में गड़बड़ी देखते हुए उन्होंने एसडीएम सदर, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए। साथ ही सी केटेगरी वाली सभी शिकायतों के निस्तारण के लिए पूरी टीम को फील्ड में जाकर शाम तक निस्तारण करने के आदेश दिए जिसके बाद सभी अधिकारी शाम तक बैठ कर कार्य करते रहे।
मंडलायुक्त ने कहा कि फर्जी निस्तारण दिखाया जा रहा है और मौके पर कार्य नहीं किया जा रहा है। उन्होंने जिस शिकायत पर निस्तारित की रिपोर्ट लगाई गई थी उस शिकायतकर्ता को फोन लगवाकर फीडबैक लिया जिसमें उसने बताया कि उसकी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ और कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची है।
मंडलायुक्त ने एसडीएम सदर को आदेश दिया कि रजिस्टर में जितने भी सी केटेगरी की शिकायतें हैं टीम भेजकर मौके पर निरीक्षण कराएं और उसकी रिपोर्ट शाम तक भेजी जाए। मंडलायुक्त के जाने के बाद समाधान दिवस में आए सभी विभागों के अधिकारियों को शाम तक रोका गया और लगभग 16 शिकायतों का निस्तारण करने के लिए टीम के फील्ड में भेजा गया।