{"_id":"6ac6a52f97b11bbf6c05cd2f","slug":"cunning-member-of-an-interstate-car-theft-gang-arrested-ghaziabad-news-c-30-gbd1013-995473-2026-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad News: कार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का शातिर गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad News: कार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का शातिर गिरफ्तार
विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में कार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक शातिर चोर को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लिंक रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की कार, दो फर्जी नंबर प्लेट और तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के साथियों के साथ गाजियाबाद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कार चोरी करने की बात कबूल की है।
एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि दिल्ली, हरियाणा और यूपी के विभिन्न जिलों से लग्जरी गाड़ियां चोरी करने वाला गिरोह गाजियाबाद में सक्रिय है। गिरोह के सदस्यों ने सितंबर में लिंक रोड क्षेत्र से फॉर्च्यूनर चोरी की थी। मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी ने बताया पकड़ा गया शातिर मेरठ के लिसाड़ी गेट के समर गार्डन निवासी इमरान है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह में साहबजादा, फरमान उर्फ नागिन और पंजाब निवासी रंजीत शामिल हैं जो कार चोरी करते हैं। फरमान उर्फ नागिन को गिरोह का सरगना बताया है। पंजाब में बैठा रंजीत चोरी की लग्जरी कारों की डिमांड भेजता था। डिमांड मिलने के बाद गिरोह के सदस्य संबंधित वाहन की रेकी करते थे। इसके बाद मौका मिलते ही उसे चोरी कर लेते थे। बरामद कार का इस्तेमाल गिरोह के सदस्य लग्जरी वाहनों की रेकी के लिए करते थे। चोरी के बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन को दूसरे स्थान पर ले जाते थे। एडीसीपी ने बताया कि इमरान ने गाजियाबाद में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इमरान के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग थानों में वाहन चोरी समेत करीब 15 मुकदमें दर्ज हैं। गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन