Ghaziabad: शातिर महिलाओं ने टप्पेबाजी कर बुजुर्ग से कंगन और कुंडल उतरवाए, बेहोशी की हालत में मिली पीड़िता
पूरे गहनों की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये है। वहीं एक शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी को चेक करने पर तीनों महिलाएं बुजुर्ग के साथ जाती हुई दिखाई दे रही हैं लेकिन रात का समय होने पर चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद में इंदिरापुरम के मंगल बाजार में बेटी के साथ सब्जी खरीदने गईं सीनियर एसोसिएट की बुजुर्ग मां से तीन महिलाओं ने टप्पेबाजी कर कंगन और कुंडल ठग लिए। परिजन के खोजने पर बुजुर्ग फल वालों के पास बेसुध अवस्था में मिलीं। बुजुर्ग के बेटे ने इंदिरापुरम थाने में तीनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ज्ञानखंड तीन स्थित शिप्रा रिवेरा निवासी नितिन चंदोला ने बताया कि वह नोएडा की एक एमएनसी कंपनी में सीनियर एसोसिएट हैं। उनकी बुजुर्ग मां सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे मंगल बाजार में सब्जी खरीदने गईं थीं। उनकी बहन व मां सब्जी खरीदने के दौरान आगे पीछे हो गईं। इसी दौरान उनकी मां के पास घबराई हुई एक महिला आई। महिला ने अपने पास खूब सारे पैसे होने की बात कहते हुए एटीएम तक चलने का आग्रह किया। इसी बीच दो और महिलाएं और आ गईं लेकिन नितिन की मां ने जाने से इनकार कर दिया।
इसी बीच तीनों से एक महिला ने उनके सिर पर कुछ फेंका। इससे नितिन की मां महिलाओं के झांसे में आकर उनके साथ चल दीं। महिलाएं बुजुर्ग को टंकी वाले पार्क के रास्ते से बाटा शोरूम के पीछे ले गईं। तीनों में से दो ने अपने पहने हुए जेवरात उतारे और बुजुर्ग के कुंडल व कंगन भी उतरवा कर रूमाल में बांधकर बैग में रख दिए। फिर तीनों महिलाओं ने बुजुर्ग को बैग थमाकर फल वालों के पास इंतजार करने के लिए बोला।
तीन तोले के थे गहने
नितिन ने बताया कि बैग खोलने पर रूमाल में कागज के टुकड़े बंधे हुए मिले जबकि उनकी मां के कंगन ढाई तोले व कुंडल आधे तोले के थे। पूरे गहनों की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये है। वहीं एक शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी को चेक करने पर तीनों महिलाएं नितिन की मां के साथ जाती हुई दिखाई दे रही हैं लेकिन रात का समय होने पर चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि टप्पेबाजों की तलाश में टीम लगाई हुई हैं।
स्कूटी सवार महिला से बैग छीना
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला से बाइक सवार शातिर बैग छीनकर भाग गया। महिला ने शातिर का पीछा किया लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। महिला ने इंदिरापुरम थाना पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। वसुंधरा सेक्टर 13 निवासी चेतना कश्यप ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे स्कूटी से स्वर्ण जयंती पार्क पहुंची थीं। उसके बाद पार्क से मंगल चौक की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार शातिर आया और उनकी स्कूटी में टंगे बैग पर झपट्टा मारा। इतने में वह कुछ समझ पातीं शातिर बैग लेकर भागने लगा। उन्होंने चिल्लाते हुए स्कूटी से शातिर के पीछे भागीं, लेकिन शातिर उनके हाथ नहीं आया। उन्होंने घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुुंची पुलिस को भी शातिर का कोई सुराग नहीं लगा। फिर उन्हाेंने थाने जाकर तहरीर दी। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल कर आरोपी की तलाश की जा रही है।